Site icon Revoi.in

मुंबई: अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी, जांच में जुटी पुलिस

Social Share

मुंबई, 14 अप्रैल। अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर रविवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने गोलीबारी की। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बांद्रा इलाके में स्थित ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के बाहर सुबह करीब पांच बजे दो व्यक्तियों ने चार गोलियां चलाईं। इसी इमारत में अभिनेता रहते हैं।

उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान विशेषज्ञों की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पिछले वर्ष मार्च में अभिनेता के दफ्तर को एक ई-मेल भेजकर खान को धमकी दी गई थी जिसके बाद मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

क्या बोले संजय राउत

सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर फायरिंग पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा, “पूरा पुलिस बल उनके सुरक्षा के लिए है…गृह मंत्री राजनीति में व्यस्त हैं लेकिन मुंबई की पुलिस तो राजनीति नहीं कर रही ना? कि वो भी उनके पीछे-पीछे राजनीति कर रहे हैं। सलमान खान के घर बाहर जो फायरिंग हुई है वो एक इशारा है। इस मुंबई में कभी भी और कहीं भी गोली चल सकती है।”