Site icon hindi.revoi.in

इंडोनेशिया ओपन : हरिहरन व अर्जुन की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में हारी, भारतीय चुनौती समाप्त

Social Share

जकार्ता, 5 जून। हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन भी शुक्रवार को यहां इंडोनेशिया ओपन के पुरुष युगल क्वार्टर फाइनल में हार गए। इसके साथ ही BWF टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट से भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

विश्व रैंकिंग में 30वें नंबर पर काबिज हरिहरन-अर्जुन की जोड़ी इस्तोरा सेनायन के कोर्ट नंबर दो पर खेले गए दिन के आठवें मैच में पूर्व विश्व नंबर एक मलेशियाई गोह जे फेई व नूर इज्जुद्दीन को तनिक भी चुनौती नहीं दे सकी और सिर्फ 32 मिनट में 12-21, 10-21 से हार गई।

सातवें वरीय गोह फेई व इज्जुद्दीन ने पहले गेम में ब्रेक तक चार अंकों की बढ़त बना ली थी, हालांकि हरिहरन व अर्जुन ने संघर्षपूर्ण वापसी की और अंतर 10-11 तक किया। लेकिन सीडेड मलेशियाई टीम ने अपनी लय बढ़ाई और आसानी से पहला गेम जीत लिया। दूसरा गेम भी शुरू से आखिर तक एकतरफा रहा। बीडब्ल्यूएफ टूर पर दोनों टीमों के बीच यह पहला मुकाबला था।

इस हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय जोड़ी का शानदार सफर खत्म हो गया। अर्जुन-हरिहरन ने अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के टैन वी किओंग (रियो 2016 ओलम्पिक सिल्वर मेडलिस्ट) व नूर मोहम्मद अजरीन अयूब पर शानदार जीत के साथ की थी। इसके बाद उन्होंने क्वारर्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए बेहतर रैंकिंग वाली एक और मलेशियाई टीम – एरॉन ताई व कांग खाई जिंग को हराया था।

उल्लेखनीय है कि पीवी सिंधु व आयुष शेट्टी को जहां गुरुवार को पूर्व क्वार्टर फाइनल में पराजय झेलनी पड़ी थी वहीं एचएस प्रणय, लक्ष्य सेन किदांबी श्रीकांत, मालविका बंसोड़ व उन्नति हुड्डा की चुनौती पहले ही खत्म हो गई थी।

दूसरी तरफ पुरुष युगल में खिताब के प्रबल दावेदार सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी को पहले ही दौर में सात्विक के कंधे में उभरी तकलीफ के चलते हटना पड़ा था। सात्विक-चिराग दो वर्षों का खिताबी सूखा खत्म करते हुए पिछले हफ्ते सिंगापुर ओपन में चैम्पियन बने थे।

Exit mobile version