Site icon hindi.revoi.in

सांसद काकोली घोष का दावा- TMC के 20 सांसदों ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिख NDA को दिया समर्थन

Social Share

नई दिल्ली, 8 जून। पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी की सत्ता छिनने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) का अंदरूनी संकट गहराता जा रहा है। इस क्रम में सोमवार को पार्टी की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि टीएमसी के करीब 20 सांसदों ने केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन करने का फैसला किया है। उन्होंने यहां तक कहा कि इस फैसले से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी अवगत करा दिया गया है।

टीएमसी के लोकसभा में 28 और राज्यसभा में 12 सदस्य

उल्लेखनीय है कि तृणमूल के लोकसभा में 28 सदस्य हैं जबकि राज्यसभा में उसके 12 सदस्य हैं। काकोली घोष दस्तीदार ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत गठबंधन को समर्थन देने की समूह की इच्छा से अवगत कराने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को पहले ही पत्र भेजा जा चुका है।

काकोली ने कहा, ‘तृणमूल के करीब 20 सांसदों ने, जिनमें मैं भी शामिल हूं, राजग को समर्थन देने के अपने फैसले से अवगत कराने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है।’ उन्होंने दावा किया कि वह लोकसभा में पार्टी की मुख्य सचेतक बनी हुई हैं।

टीएमसी सांसद ने कहा कि यह निर्णय साथी सांसदों से परामर्श के बाद लिया गया। यह घटनाक्रम ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के भीतर बढ़ते आंतरिक संकट के बीच आया है। तृणमूल में हाल के दिनों में वरिष्ठ नेताओं द्वारा खुले तौर पर असहमति और इस्तीफे देखने को मिले हैं।

काकोली ने कहा कि समूह ने राजनीतिक रूप से राजग के साथ गठबंधन करने का फैसला किया है। उन्होंने दलील दी कि यह जनता के जनादेश को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘हमने जनता के फैसले को स्वीकार कर लिया है और हमारा मानना ​​है कि हमारा भविष्य का राजनीतिक मार्ग राजग के अनुरूप होना चाहिए।’ हालांकि तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने अब तक इन दावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

टीएमसी के कई नेता भूपेंद्र यादव के घर पर देखे गए

इसके पूर्व दिन में तृणमूल कांग्रेस में नई राजनीतिक उथल-पुथल मच गई, जब पार्टी से जुड़े कई नेता दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर पर देखे गए। यहां तक कहा गया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मीटिंग के दौरान मौजूद थे। यह वाकया तब हुआ, जब दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में कई विपक्षी नेताओं ने I.N.D.I.A. ब्लॉक की मीटिंग में हिस्सा लिया।

पूर्व राज्यसभा सदस्य सुखेंदु शेखर रॉय भी, जिन्होंने आज ही दिन में टीएमसी से इस्तीफा दिया था, भूपेंद्र यादव के घर पहुंचे लोगों में शामिल थे। यहां बैठक में देखे गए अन्य लोगों में प्रसून बनर्जी, जगदीश बसुनिया, काली पद सोरेन, अरुप चक्रवर्ती, अबू ताहिर, असित मल, डॉ. शर्मिला सरकार और खलीलुर रहमान भी शामिल थे।

Exit mobile version