Site icon Revoi.in

राष्ट्रपति चुनाव : 4,796 निर्वाचकों में से 99 प्रतिशत से अधिक ने की वोटिंग, 10 राज्यों और पुडुचेरी में सौ फीसदी

Social Share

नई दिल्ली, 18 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए देशभर में कुल 4,796 निर्वाचकों में से 99 प्रतिशत से अधिक ने मतदान किया है। इनमें 10 राज्यों – छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में विधायकों ने शत-प्रतिशत वोटिंग की।

ज्ञातव्य है कि राष्ट्रपति चुनाव में झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार हैं जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को संयुक्त विपक्ष ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। हालांकि संख्याबल के हिसाब से द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानी जा रही है। 21 जुलाई को मतगणना की जाएगी।

यूपी के 403 विधायकों में 396 ने लखनऊ में मतदान किया

उत्तर प्रदेश विधान भवन स्थित तिलक हॉल में सोमवार को पूर्वाह्न मतदान शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे समाप्त हो गया। राज्य के 396 विधानसभा सदस्यों (विधायकों) ने यहां मतदान किया जबकि दो सदस्य वोट देने नहीं पहुंचे। इसके अलावा पांच विधायकों ने राज्य से बाहर मतदान के लिए अनुमति ली थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिलक हॉल में मतदान करते हुए भारतीय लोकतंत्र की मजबूती की कामना की।

5 विधायकों ने राज्य के बाहर वोट डालने की अनुमति ली थी

उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी बृजभूषण दुबे ने बताया कि कि यहां 398 विधायकों को मतदान करना था, जिनमें से 396 विधायकों ने वोट डाला जबकि दो विधायक अपने मत का प्रयोग नहीं कर सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मतदान करने के बाद भारतीय लोकतंत्र की मजबूती की कामना की। राज्य के पांच विधायकों ने राज्य के बाहर अपना वोट डालने की अनुमति ली थी। सहारनपुर जिले की नकुड़ सीट से भाजपा विधायक मुकेश चौधरी, मुरादाबाद के कुंदरकी से सपा विधायक जियाउर्रहमान, हाथरस के सादाबाद से राष्ट्रीय लोकदल के विधायक प्रदीप कुमार सिंह तथा महोबा के चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत दिल्ली में तथा वाराणसी में सेवापुरी से भाजपा विधायक नील रतन पटेल ने तिरुवनंतपुरम में मतदान करने की अनुमति ली थी।

अब्बास अंसारी और नाहिद हसन वोट नहीं डाल सके

यूपी दो विधायक अब्बास अंसारी और नाहिद हसन वोट नहीं डाल सके। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि मऊ से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी वोट डालने नहीं पहुंचे क्योंकि एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। अब्बास अंसारी बाहुबली पूर्व विधायक और वर्तमान में जेल में बंद मुख्तार अंसारी के पुत्र हैं।

राजभर ने कहा कि सुभासपा के बाकी पांच विधायकों ने राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया। शामली जिले से कैराना के विधायक नाहिद हसन भी जेल में बंद होने के कारण वोट डालने नहीं आ सके। हसन एक आपराधिक मामले में मुजफ्फरनगर जेल में बंद हैं।

उधर छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में सोमवार को राष्ट्रपति पद के लिए हुए मतदान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत सभी 90 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।