Site icon Revoi.in

भारत में कोरोना संकट : लगातार पांचवें दिन 40 हजार से ज्यादा नए संक्रमित, केरल की स्थिति चिंताजनक

Social Share

नई दिल्ली, 30 अगस्त। केरल सहित कुछ राज्यों में कोविड-19 की चिंताजनक स्थिति के बीच देश में लगातार पांचवें दिन 40 हजार से ज्यादा कुल 42,909 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इसके सापेक्ष 34,763 लोग स्वस्थ घोषित किए गए तो 380 लोगों की मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी साझा की।

रिकवरी दर घटकर 97.51%, एक्टिव रेट बढ़कर 1.15 फीसदी

मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 3.27 करोड़ से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 3.19 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ घोषित किए गए हैं। हालांकि पिछले एक हफ्ते में रिकवरी दर 0.17 फीसदी गिरकर 97.51 तक रह गई है। गत 23 अगस्त को यह मार्च, 2020 के बाद से उच्चतम स्तर 97.68 फीसदी दर्ज की गई थी। उस दिन एक्टिव रेट भी मार्च, 2020 के बाद न्यूनतम स्तर पर 0.98 फीसदी था, जो एक हफ्ते में 0.17 फीसदी की वृद्धि के साथ 1.15 तक जा पहुंचा है।

देश में इलाजरत मरीजों की संख्या 3.76 लाख के पार

इस क्रम में एक्टिव केस में 7,766 की दैनिक वृद्धि के बीच देश में रविवार तक कुल इलाजरत मरीजों की संख्या 3,76,324 तक जा पहुंची है। कोरोना से मृतकों की दर हालांकि पिछले 41 दिनों (20 जुलाई) से 1.34 के स्तर पर बनी हुई है, फिर भी कोरोना काल में अब तक 4.38 लाख से ज्यादा जानें जा चुकी हैं।

 

केरल में लगभग 30 हजार नए केस, एक्टिव केस 2.13 लाख

मंत्रालय के अनुसार केरल में चार दिनों के बाद नए संक्रमितों की संख्या 30 हजार से कम 29,836 रही जबकि 22,088 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए और 75 मरीजों की मौत हुई। एक्टिव केस में 7,673 की दैनिक वृद्धि के साथ राज्य में 29 अगस्त तक कुल 2,13,113 इलाजरत मरीज थे।

केरल व महाराष्ट्र सहित 12 राज्यों में बढ़े सक्रिय मामले

केरल सहित 12 राज्यों में दैनिक आधार पर एक्टिव केस बढ़े। इनमें दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र रहा, जहां 1,025 की वृद्धि के साथ एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 56,366 हो गई है। आंध्र प्रदेश (326) और मिजोरम (168) में भी दैनिक एक्टिव केस में 100 से ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि महाराष्ट्र में नए संक्रमितों की संख्या पांच हजार से कम 4,666 रही और 3,510 लोग स्वस्थ हुए। लेकिन यह इकलौता राज्य रहा, जहां दिनभर में 100 से ज्यादा 131 लोगों की मौत हुई।

दिनभर में 31.14 लाख लोगों का टीकाकरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के 226वें दिन रविवार का अवकाश पड़ने के कारण सिर्फ 31.14 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा सकी। हालांकि अब तक टीका लगवा चुके लोगों की कुल संख्या 63.43 करोड़ से ज्यादा हो गई है। दूसरी तरफ 24 घंटे के दौरान लगभग 15 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही 29 अगस्त तक देशभर में 52 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 42,909

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 34,763

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 380

अब तक कुल संक्रमित : 3,27,37,939

अब तक कुल स्वस्थ : 3,19,23,405      

रिकवरी दर : 97.51%

अब तक कुल मौतें : 4,38,210

मृत्यु दर : 1.34%

इलाजरत मरीज : 3,76,324 (दैनिक वृद्धि 7,766)

सक्रियता दर : 1.15%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 31,14,696

226 दिनों में कुल टीकाकरण : 63,43,81,358

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 14,19,990

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 52,00,62,919.