Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट :  लगातार 5वें दिन 40 हजार से ज्यादा नए संक्रमित, सिर्फ केरल से 70% मामले

Social Share

नई दिल्ली, 5 सितम्बर। दक्षिणी राज्य केरल की चिंताजनक स्थिति के बीच देश में लगातार पांचवें दिन कोरोना संक्रमण के 40 हजार से ज्यादा 42,766 नए केस पाए गए। इनमें लगभग 70 फीसदी (69.41) यानी 29,682 केस सिर्फ केरल से ही रहे। संक्रमण के लगातार फैलाव की वजह से राष्ट्रीय स्तर पर रिकवरी रेट गिरकर जहां 97.42 फीसदी तक आ चुकी है वहीं एक्टिव रेट बढ़कर 1.24 फीसदी तक जा पहुंचा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को उपलब्ध कराई गई नवीनतम जानकारी के अनुसार देश में बीते 24 घंटे के भीतर 38,091 लोग स्वस्थ हुए तो 308 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में 4,367 की दैनिक वृद्धि के बीच शनिवार तक देश में कुल 4,10,048 कोरोना मरीज विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाजरत थे।

केरल में इलाजरत मरीजों की संख्या ढाई लाख के पार

केरल की बात करें तो पिछले 10 दिनों में सिर्फ 30 अगस्त को छोड़ लगभग हर दिन 30 हजार से ज्यादा कोरोना के नए मरीज सामने आ रहे हैं। हालांकि शनिवार को 25,910 लोग स्वस्थ भी हुए तो 142 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में 3,630 की दैनिक वृद्धि के बाद चार सितम्बर को राज्य में कुल इलाजरत मरीजों की संख्या 2,50,619 तक जा पहुंची थी।

केरल के अलावा महाराष्ट्र में भी एक्टिव केस में 1,560 की वृद्धि देखने को मिली और अब राज्य में 55,559 इलाजरत मरीज हो गए हैं। 24 घंटे के अंदर राज्य में 4,130 नए केस मिले तो 64 लोगों की मौत हुई और 2,560 लोग स्वस्थ हुए। केरल व महाराष्ट्र सहित नौ राज्यों में दैनिक आधार पर एक्टिव केस बढ़े। इनमें तीसरे नंबर पर पूर्वोत्तर का राज्य मिजोरम (464) रहा, जहां अब कुल एक्टिव केस 10,981 हो चुके हैं।

अब तक 68 करोड़ से ज्यादा लोग ले चुके वैक्सीन

इस बीच टीकाकारण अभियान के तहत 232 दिनों में 68.46 करोड़ से ज्यादा लोग वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज ले चुके हैं। शनिवार को 71.61 लाख लोगों को वैक्सीन दी गई। दूसरी तरफ आईसीएमआर के अनुसार बीते 24 घंटे के अंदर 17.47 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही चार सितम्बर तक देश में लगभग 53 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 42,766

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 38,091

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 308

अब तक कुल संक्रमित : 3,29,88,673

अब तक कुल स्वस्थ : 3,21,38,092

रिकवरी दर : 97.42%

अब तक कुल मौतें : 4,40,533

मृत्यु दर : 1.34%

इलाजरत मरीज : 4,10,048 (दैनिक वृद्धि 4,367)

सक्रियता दर : 1.24%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 71,61,760

232 दिनों में कुल टीकाकरण : 68,46,69,521

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 17,47,476

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 52,98,67,498.

Exit mobile version