Site icon hindi.revoi.in

पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से 1000 ज्यादा भारतीय स्वदेश लौटे

Social Share

नई दिल्ली, 28 अप्रैल। पिछले छह दिनों में 1,000 से अधिक भारतीय वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान से अपने घर लौट चुके हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद वीजा रद होने के कारण उन्हें अपनी यात्राएं बीच में ही रोकनी पड़ी थीं।

सोमवार तक 800 से अधिक पाकिस्तानी भी स्वदेश लौट चुके

एक शीर्ष अधिकारी ने सोमवार की शाम बताया, ‘पिछले छह दिन में 1,000 से अधिक भारतीय वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान से अपने घर लौट चुके हैं। इसी तरह, सोमवार तक 800 से अधिक पाकिस्तानी भी स्वदेश लौट चुके हैं।‘

अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों के दीर्घकालिक वीजा रखने वालों को स्वदेश लौटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को 236 पाकिस्तानी स्वदेश लौटे और 115 भारतीय अपने वतन पहुंचे। वाघा पर पाकिस्तान रेंजर्स और भारत के सीमा सुरक्षा बल ने आव्रजन की अनुमति देने से पहले स्वदेश भेजे गए नागरिकों के कागजात की गहन जांच की।

उल्लेखनीय है कि आतंकवादियों ने कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को गोलीबारी की थी, जिसमें 26 लोग मारे गए, जो 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला था।इस जघन्य आतंकी हमले के बाद नई दिल्ली में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCS) ने बीते बुधवार को अन्य बातों के अलावा अटारी में एकीकृत चेक पोस्ट को तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला किया। अटारी-वाघा सीमा भारत में अमृतसर और पाकिस्तान में लाहौर के पास स्थित है।

Exit mobile version