नई दिल्ली, 2 सितंबर। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार सुबह खतरे के निशान से तीन फुट ऊपर पहुंच गया। सुबह-सुबह ही नदी का पानी यहां की रिहायशी गलियों तक घुस गया है। कई घरों के निचले हिस्से डूब चुके हैं और सड़कें पूरी तरह जलमग्न नज़र आ रही हैं। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह छह बजे दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 205.68 मीटर दर्ज किया गया और यह लगातार बढ़ रहा है। यहां खतरे का निशान 205.33 मीटर पर है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार को हुई जबरदस्त बारिश और हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में यह स्थिति बनी है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण यमुना नगर जिला स्थित हथिनी कुंड बैराज से हजारों क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। यमुना के बढ़ते जलस्तर के बीच दिल्ली में प्रशासन ने बचाव दल एवं अन्य संबंधित एजेंसियां को स्टैंड-बाय मोड में रखा है।
- लोगों को दी गई सलाह
बाढ़ की संभावना को देखते हुए अधिकारी सतर्क हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बयान दिया था कि दिल्ली की सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों की ओर से यमुना के डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गयी है।

