Site icon hindi.revoi.in

फिर सक्रिय हुआ मानसून : यूपी से लेकर बिहार और झारखण्ड तक बिजली-बारिश का अलर्ट, जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम

Social Share

नई दिल्ली, 21 अगस्त। देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में भारी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। कई जगहों पर बाढ़ का खतरा भी गहरा गया है। यूपी के 15 से ज्यादा जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इस बीच मौसम विभाग ने 21 अगस्त के लिए एक बार फिर कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में 21 अगस्त से 25 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इस बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर फिर से बढ़ सकता है। आज यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है। हाल ही में यमुना बाजार में पानी भर गया था, जिस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था।

यूपी में आज 11 जिलों – चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, बलिया, गाजीपुर आदि में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही राज्य के 15 जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। इनमें कानपुर, बहराइच, बाराबंकी, फतेहपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, गोंडा, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर और उन्नाव शामिल हैं। बाढ़ से लगभग 2.75 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिहार में 12 जिलों – पटना, गया, नवादा, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, बक्सर और भोजपुर में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी है। बागमती और कोसी नदियों का जलस्तर कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर है। बेगूसराय, कटिहार और खगड़िया जिलों से बाढ़ की खबरें सामने आ रही हैं।

झारखंड में साहेबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, हजारीबाग और सिमडेगा जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। मध्य प्रदेश के अशोकनगर, शिवपुरी, अगर मालवा, डिंडोरी, शहडोल, उमरिया, शिवपुर कला और अनूपपुर जिलों में तेज बारिश की चेतावनी है। बारिश से लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

Exit mobile version