Site icon Revoi.in

मोहन चरण माझी संभालेंगे ओडिशा की कमान, भाजपा विधायक दल ने सीएम के नाम पर लगाई मुहर

Social Share

भुवनेश्वर, 11 जून। ओडिशा के इतिहास में पहली बार सरकार बनाने को तैयार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आदिवासी समाज की मजबूत आवाज माने जाने वाले मोहन चरण माझी को अपना नेता चुन लिया है। भाजपा विधायक दल की मंगलवार को यहां हुई बैठक में सीएम के तौर पर 52 वर्षीय  अनुभवी नेता मोहन माझी के नाम पर मुहर लगाई।

ओडिशा के 15वें मुख्यमंत्री माझी बुधवार को शपथ लेंगे

ओडिशा के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में माझी बुधवार (12 जून) को अपने सहयोगी मंत्रियो के साथ शपथ लेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री और एनडीए के नेता भी उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने ओडिशा में सीएम के चयन के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में भाजपा विधायकों की हुई बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने बताया कि मोहन माझी के नाम पर मुहर लगी।

प्रभाती प्रविदा और केवी सिंह देव के रूप में दो डिप्टी सीएम भी होंगे

भाजपा विधायक दल ने सीएम मोहन माझी के साथ दो डिप्टी सीएम के नामों को भी मंजूरी दी। अब प्रभाती प्रविदा और कनक वर्धन (केवी) सिंह देव के रूप में ओडिशा के लिए दो उप मुख्यमंत्री होंगे। पटनागढ़, बोलनगीर के तत्कालीन राजघराने से ताल्लुक रखने वाले केवी सिंह देव ने बोलनगीर जिले के पटनागढ़ सीट से जीत हासिल की है। वहीं ओडिशा की पहली महिला उप मुख्यमंत्री बनने जा रहीं प्रभाती परिदा पुरी के नीमापारा सीट से जीतकर विधानसभा पहुंची हैं।

मोहन माझी की बात करें तो वह ओडिशा चुनाव में अनुसूचित जनजाति बहुल सीट क्योंधर से लगातार दूसरी और कुल चौथी बार विधायक निर्वाचित घोषित किए गए हैं। उन्होंने वर्ष 2000 से 2009 में भी दो बार क्योंझर का प्रतिनिधित्व किया था।

भाजपा ने नवीन पटनायक के बीजद से छीनी ढाई दशक पुरानी सत्ता

गौरतलब है कि ओडिशा में भाजपा ने नवीन पटनायक के नेतृत्व वाले बीजू जनता दल (BJD) से लगभग ढाई दशक पुरानी सत्ता छीनी है। 147 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 78 सीटें हासिल की हैं, जो बहुमत के 74 के आंकड़े को पार कर गई। बीजद को 51 सीटें मिल सकीं। कांग्रेस को 14 सीटें मिलीं तो सीपीआई (एम) को एक सीट पर जीत मिली जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी बने।

अरुणाचल प्रदेश के लिए रविशंकर प्रसाद व तरुण चुघ पर्यवेक्षक नियुक्त

इस बीच भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए सांसद रविशंकर प्रसाद और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा मुख्यालय के प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी है। अब दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक ईटानगर जाएंगे, जहां भाजपा विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम की मुहर लगेगी।

पेमा खांडू की अगुआई में भाजपा को मिला है तीन चौथाई बहुमत

उल्लेखनीय है कि अरुणाचल में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पिछले दो बार के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अगुआई में भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में इस बार 46 सीटें जीतकर तीन चौथाई बहुमत हासिल किया है। नेशनल पीपुल्‍स पार्टी (एनपीपी) ने पांच सीटों पर जीत हासिल की। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने तीन, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल ने दो और तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि कांग्रेस को एक सीट मिल सकी।