Site icon hindi.revoi.in

FIFA विश्व कप 2026 : मेक्सिको सबसे पहले नॉकआउट दौर में पहुंचा, कोरिया को हरा ग्रुप ए में लगातार दूसरी जीत

Social Share

ग्वाडलाहारा (मेक्सिको), 19 जून। संयुक्त मेजबान मेक्सिको ने शुक्रवार (भारतीय समयानुसार) को यहां ग्वाडलाहारा स्टेडियम में ग्रुप ए के रोमांचक लीग मैच में दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया और FIFA विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में सबसे पहले प्रवेश का गौरव हासिल किया।

मैच का एकमात्र गोल लुइस रोमो ने मध्यांतर के तुरंत बाद किया। कोरियाई गोलकीपर किम स्युंग-ग्यू की गलती का फायदा उठाकर रोमो ने आसान गोल दागा। मैच के अंतिम क्षणों में मेक्सिको के गोलकीपर राउल रेंजल ने शानदार बचाव कर टीम की बढ़त बरकरार रखी।

ग्रुप ए में लगातार दूसरी जीत से छह अंकों के साथ शीर्ष स्थान पक्का करने के बाद हावियर अगुइरे की टीम अब 30 जून को मेक्सिको सिटी में राउंड ऑफ 32 में ग्रुप C, E, F, H या I की किसी तीसरे स्थान वाली टीम से भिड़ेगी। नॉकआउट दौर से पहले मेक्सिको अपना आखिरी ग्रुप मैच 25 जून को चेकिया के खिलाफ खेलेगा।

वहीं दक्षिण कोरिया तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसका अंतिम मैच दक्षिण अफ्रीका से होगा। चेकिया और दक्षिण अफ्रीका एक-एक अंक के साथ नॉकआउट की दौड़ में बने हुए हैं। गुरुवार को इन दोनों की आपसी मुलाकात 1-1 से बराबरी पर छूटी थी।

मैच की बात करें तो घरेलू दर्शकों के जबर्दस्त समर्थन के बीच मेक्सिको की टीम जीत के इरादे से मैदान पर उतरी थी। दूसरे हाफ की शुरुआत में जीसस गालार्डो ने मेक्सिको के इरादे साफ कर दिए, जब उनका शॉट साइड नेटिंग में गया। इसके ठीक एक मिनट बाद, 50वें मिनट में किम स्युंग-ग्यू और ली गिह्युक के बीच तालमेल बिगड़ने पर गेंद रोमो के पास पहुंची और उन्होंने खाली पोस्ट में गोल कर दिया।

मैच का पहला बड़ा मौका 15वें मिनट में दक्षिण कोरिया के कप्तान सोन ह्युंग-मिन को मिला। उन्होंने गेंद को गोलकीपर के ऊपर से निकाला, लेकिन एडसन अल्वारेज़ ने शानदार बाइसिकल किक से लाइन पर ही गेंद रोक दी। बाद में सोन को ऑफसाइड करार दिया गया, हालांकि रिप्ले में मामला बेहद करीबी दिखा।

इसके बाद जूलियन क्विनोनेस ने हेडर से कोरियाई गोलकीपर को मुश्किल में डाला, लेकिन पहला हाफ अपेक्षाकृत शांत रहा और दक्षिण कोरिया ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा, हालांकि कोई बड़ा मौका नहीं बना सके।

दूसरे हाफ में मेक्सिको ने आक्रामक शुरुआत की और बढ़त हासिल कर ली। 75वें मिनट में किम स्युंग-ग्यू ने अपनी गलती की भरपाई करते हुए राउल जिमेनेज़ के करीब से आए शॉट को शानदार तरीके से रोका। मैच खत्म होने से तीन मिनट पहले राउल रेंजल ने चो ग्यू-सुंग और यांग ह्युन-जुन के लगातार दो शॉट्स पर बेहतरीन दोहरा बचाव करते हुए मेक्सिको को जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

Exit mobile version