Site icon hindi.revoi.in

FIFA विश्व कप 2026 : मेसी ने हैट्रिक के साथ बराबर किया रिकॉर्ड, गत चैम्पियन अर्जेंटीना की शानदार शुरुआत

Social Share

कैनसस सिटी, 17 जून। सुपरस्टार लियोनेल मेसी ने बुधवार को यहां कैनसस सिटी स्टेडियम में जानदार हैट्रिक के सहारे FIFA विश्व कप में जहां सर्वाधिक गोलों के रिकॉर्ड की बराबरी की वहीं गत चैम्पियन अर्जेंटीना ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए ग्रुप जे के पहले मैच में अल्जीरिया को 3-0 से शिकस्त दे दी।

मेसी ने जर्मन दिग्गज मिरोस्लावा क्लोज की बराबरी की

दिलचस्प यह है कि 38 वर्षीय मेसी ने इसी धरती (अमेरिका) पर 20 वर्ष पहले 2006 में अपना पहला विश्व कप खेला था। अब अपने छठे विश्व कप के पहले मैच में हैट्रिक के सहारे उनके गोलों की संख्या 16 हो गई। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज की बराबरी कर ली, जिनके नाम अब तक सबसे ज्यादा 16 गोल का रिकॉर्ड है।

अर्जेंटीना के लिए सीनियर स्तर पर खेला 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच

अर्जेंटीना के लिए सीनियर स्तर पर 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे मेसी ने 17वें, 60वें व 76वें मिनट में अपने तीनों गोल किए। अल्जीरियाई टीम की तरफ से अनीस हाज मौसा ने कुछ अच्छे मौके बनाए थे, लेकिन वह उसे गोल में नहीं बदल सके। अर्जेंटीना का अगला मैच अब 22 जून को ऑस्ट्रिया के खिलाफ है, जिसमें मेसी विश्व कप के सर्वोच्च स्कोरर का इकलौता रुतबा हासिल कर सकते हैं।

 

विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड

मेसी ने इसी क्रम में विश्व कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने का अपना रिकॉर्ड भी बढ़ाकर 27 कर लिया। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर 25 मैचों के साथ जर्मनी के लोथार मथेयस हैं। वहीं मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपने कुल इंटरनेशनल गोलों की संख्या भी 120 तक पहुंचा दी है। ये बी उल्लेखनीय है कि मेसी के लंबे इंटरनेशनल करिअर में यह पहली विश्व कप हैट्रिक थी।

फ्रांस की जीत में एम्बापे के दो गोल

दिन के अन्य मैचों की बात करें तो न्यू जर्सी स्टेडियम में फ्रांस ने ग्रुप आई के अपने पहले मैच में सेनेगल को 3-1 से मात दी। इस मुकाबले में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बापे ने दो गोल किए। इसी ग्रुप में नार्वे ने बोस्टन स्टेडियम में ईराक को 4-1 से मात देकर अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में ऑस्ट्रिया ने ग्रुप जे में जॉर्डन को 3-1 से शिकस्त दी।

Exit mobile version