Site icon hindi.revoi.in

पश्चिम बंगाल : हल्दिया रिफाइनरी की पाइपलाइन में लगी भयंकर आग, 20 लोग झुलसे, 6 की हालत गंभीर

Social Share

कोलकाता, 30 जून। पश्चिम बंगाल में पूर्व मेदिनीपुर जिले के  हल्दिया में मंगलवार तड़के हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (HPL) की नैफ्था पाइपलाइन में भयंकर आग लग गई। इस घटना में 20 से ज्यादा झुलस गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में से छह की हालत गंभीर है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

पूर्वी मेदिनीपुर जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों को हल्दिया और कोंटाई के सब-डिविजनल अस्पतालों में ले जाया गया। छह मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें कोलकाता भेजा जा रहा है। किसी की मौत की खबर नहीं है।’

बताया जाता है कि आग तड़के करीब पांच बजे लगी। आग की सूचना मिलने पर करीब 10 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। आग में पाइपलाइन के पास बनी कई झुग्गियां जल गईं।

HPL ने एक बयान में कहा, ‘शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह घटना प्लांट के पास नैफ्था चोरी के एक अवैध प्वॉइंट के आसपास हुई हो सकती है। नैफ्था बहुत ज्यादा ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है और कम्पनी ने सुरक्षा के गंभीर खतरों को देखते हुए स्थानीय लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों तक अनधिकृत पहुंच या उनके साथ छेड़छाड़ न करने के बारे में लगातार आगाह किया है। घटना के सही कारणों की जांच संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर की जा रही है।’

HPL नैफ्था पर आधारित पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है, जो कोलकाता से लगभग 125 किलोमीटर दूर स्थित है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, चोरी के कारण हुए कथित रिसाव के बाद नैफ्था पाइपलाइन में आग लग गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘घायल लोग उन्हीं झुग्गियों के रहने वाले हैं। जांच चल रही है।’

Exit mobile version