Site icon hindi.revoi.in

तमिलनाडु : विरुधुनगर की एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका,17 श्रमिकों की मौत, कई अन्य घायल

Social Share

विरुधुनगर (तमिलनाडु), 19 अप्रैल। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ, जिसमें 17 श्रमिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी (Kattanarpatti) में एक निजी पटाखा बनाने वाली इकाई में अपराह्न यह धमाका हुआ। धमाकों की आवाज लगभग 10 किलोमीटर तक सुनी गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर और रेस्क्यू सर्विस के कर्मी मौके पर पहुंचे और अभी आग बुझाने की कोशिश में लगे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल छह श्रमिकों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि धमाके के समय यूनिट में करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। जोरदार धमाके की वजह से बिल्डिंग के कुछ हिस्से भी गिर गए।

गौरतलब है कि गत 13 अप्रैल को विरुधुनगर जिले में ही सत्तूर के पास पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में धमाका हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए थे। उस घटना के समय में फैक्ट्री में करीब 60 मजदूर काम कर रहे थे।

Exit mobile version