Site icon Revoi.in

दक्षिण अफ्रीका : जोहानेसबर्ग के सोवेटो टाउनशिप बार में सामूहिक गोलीबारी, 14 लोगों की मौत, कई घायल

Social Share

जोहानेसबर्ग, 10 जुलाई। दक्षिण अफ्रीकी शहर जोहानेसबर्ग की सोवेटो टाउनशिप में बार में शनिवार की रात गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से कई कारतूस बरामद हुए हैं जबकि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

पुलिस ने बताया कि वह उन रिपोर्ट की जांच कर रही है, जिसके अनुसार शनिवार देर रात एक मिनीबस टैक्सी में कुछ लोगों का एक समूह आया और उसने बार में कुछ संरक्षकों पर गोलीबारी की। पुलिस ने रविवार सुबह शवों को हटाया और जांच शुरू की कि सामूहिक गोलीबारी क्यों हुई।

गंभीर रूप से घायल तीन व्यक्तियों और घायल एक अन्य व्यक्ति को क्रिस हानी बरगवनथ अस्पताल ले जाया गया है। गौटेंगे प्रांत के पुलिस आयुक्त लेफ्टिनेंट जनरल इलियास मावेला ने कहा कि घटनास्थल पर मिले कारतूसों की संख्या से संकेत मिलता है कि ये लोगों का एक समूह था, जिन्होंने संरक्षकों को गोली मारी।

मावेला ने बताया, ‘प्राथमिक जांच से पता चलता है कि वहां मौजूद लोग यहां लाइसेंस-धारक बार में जश्न मना रहे थे।’ अचानक इन लोगों ने गोलियों की आवाज सुनी और बार से बाहर निकलने की कोशिश की। इस घटना के पीछे मकसद क्या है और इन लोगों को क्यों निशाना बनाया गया, इस बारे में फिलहाल हमारे पास पूरी जानकारी नहीं है।’

उन्होंने कहा, ‘‘आप देख सकते हैं कि ‘हाई कैलिबर’ बंदूक का इस्तेमाल किया गया है और वे बेतरतीब ढंग से गोलीबारी कर रहे थे। आप देख सकते हैं कि ये सभी लोग बार से बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहे थे।’’