Site icon Revoi.in

पंजाब चुनाव :  आम आदमी पार्टी की आंधी में कई दिग्गज धराशायी, सीएम चन्नी, सिद्धू, अमरिंदर व बादल हारे

Social Share

चंडीगढ़, 10 मार्च। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना रुझानों के अनुसार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर व गोवा में जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रही हैं वहीं पंजाब में सत्तासीन कांग्रेस को जबर्दस्त आघात लगा है और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) की आंधी में कई दिग्गज उड़ गए। आम आदमी पार्टी ने यहां भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में आगे रखकर लड़ाई लड़ी थी और उसे अभूतपूर्व सफलता मिली।

पंजाब चुनाव परिणाम की ताजा स्थिति जानने के लिए यहां करें

कांग्रेस की दुर्दशा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को दोनों सीटों (चमकौर साहिब और भदौर) से हार झेलनी पड़ी तो हालिया महीनों में पार्टी में सर्वाधिक उथल-पुथल मचाने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट से चुनाव हार गए हैं। अमृतसर ईस्ट में आम आदमी पार्टी की जीवनज्योत कौर की जीत हुई है।

सीएम चन्नी दोनों सीटों से हारे

चमकौर साहिब सीट पर वर्ष 2017 से लगातार तीन बार के विजेता रहे सीएम चन्नी को उनके नामराशि आम आदमी पार्टी के डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी ने लगभग 6,000 मतों से हराया। वहीं भदौर में ‘आप’ के ही लाभ सिंह उगोके ने चन्नी को 36,000 से अधिक मतों के अंतर से परास्त किया।

अकाली दल नेता सुखबीर बादल और उन्हीं के पार्टी के बिक्रम सिंह मजीठिया को भी हार का सामना करना पड़ा जबकि सिद्धू से तनातनी के चलते मुख्यमंत्री पद के साथ ही कांग्रेस त्यागने के बाद अपनी पार्टी बनाने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह तक को मुंह की खानी पड़ी। पंजाब की पटियाला अर्बन सीट से कैप्टन अमरिंदर सिंह को आम आदमी पार्टी के अजितपाल सिंह कोहली ने 19 हजार वोटों से मात दी है।

अरविंद केजरीवाल ने इंकबाल के लिए पंजाब की जनता को दी बधाई

इस बीच पंजाब में शानदार जीत पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की जनता को बधाई दी है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘इस इंकलाब के लिए पंजाब के लोगों को बहुत-बहुत बधाई।’ उन्होंने पंजाब में आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान के साथ एक तस्वीर भी साझा की।