Site icon hindi.revoi.in

मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल, कांग्रेस मुख्यालय से शुरु होगी अंतिम यात्रा

Social Share

नई दिल्ली, 27 दिसम्बर। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री व वयोवृद्द कांग्रेस नेता डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। पहले जानकारी सामने आई थी कि डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार आज ही किया जाएगा, लेकिन अब अमेरिका से उनकी बेटियों की वापसी के बाद अंतिम संस्कार होगा। वे आज देर शाम तक स्वदेश लौटेंगी। इसी क्रम में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को यह फैसला करना है कि दिवंगत नेता का अंतिम संस्कार किस स्थान पर होगा।

गौरतलब है कि देश के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में 2004 से 2014 तक दो कार्यकाल पूर्ण करने वाले 92 वर्षीय डॉ. मनमोहन सिंह गुरुवार की शाम अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें तत्काल एम्स दिल्ली ले जाया गया, जहां रात्रि 9.51 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर केंद्र सरकार ने सात दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। साथ ही आज प्रस्तावित सभी कार्यक्रम रद कर दिए गए।

राष्ट्रपति मुर्मु ने आवास पर जाकर मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार को मध्यरात्रि के बाद उनके आवास ले जाया गया। आज सुबह से ही दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उनके आवास पर देशभर से राजनेताओं के आने का तांता लग गया था। इसी कड़ी में दोपहर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी डॉ. सिंह के आवास पहुंचीं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने डॉ. सिंह की पत्नी श्रीमती कौर सहित परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाया।

राष्ट्रपति मुर्मु से पहले पीएम नरेंद्र मोदी, उनकी कैबिनेट के मंत्रिगण, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के अनेक शीर्ष नेता व विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने डॉ. सिंह को उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी।

पार्थिव शरीर सुबह 8 बजे आवास से AICC मुख्यालय लाया जाएगा

इस बीच कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि मनमोहन सिंह की उनकी अंतिम यात्रा शनिवार को पूर्वाह्न 9.30 बजे दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सुबह आठ बजे डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास से AICC मुख्यालय लाया जाएगा, जहां एक घंटे तक आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे।

बेलगावी में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक रद की गई

उधर कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक रद कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी रद कर दिए गए हैं। पार्टी के अन्य कार्यक्रम तीन जनवरी के बाद शुरू होंगे। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से गुरुवार देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे।

Exit mobile version