मुंबई, 8 जून। पश्चिम एशिया में जारी तनातनी के बीच वैश्विक शेयर बाजारों में नरमी और कच्चे तेल के दाम में फिर उभरी तेजी के चलते घरेलू शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के पहले ही दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली। इस क्रम में दोनों मानक सूचकांकों ने लगातार दूसरे सत्र में नुकसान देखा। बीएसई सेंसेक्स जहां 719 अंक लुढ़क गया वहीं एनएसई निफ्टी में 244 अंकों की कमजोरी के साथ ठहरा।
सेंसेक्स 0.97 प्रतिशत टूटकर 73,524.26 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 719.08 अंक यानी 0.97 प्रतिशत टूटकर 73,524.26 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 924.4 अंक तक लुढ़क गया था। सेंसेक्स से संबंधित कम्पनियों में 23 के स्टॉक लाल निशान पर रुके तो सात में फायदा दिखा।
निफ्टी 1.04 प्रतिशत की गिरावट से 23,123 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 243.70 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,123 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक 296.55 अंक तक लुढ़क गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 10 के शेयर फायदे में रहे जबकि 40 में गिरावट दर्ज की गई।
निवेशकों को 6.31 लाख करोड़ रुपये का नुकसान
चौतरफा लिवाली से निवेशकों को एक ही सत्र में 6.31 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। दरअसल, शेयर बाजार में गिरावट के साथ बीएसई में सूचीबद्ध कम्पनियों का बाजार पूंजीकरण 6,31,440.41 करोड़ रुपये घटकर 4,55,28,758.96 (4,760 अरब डॉलर) रहा।
इटर्नल के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.24 फीसदी गिरे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटर्नल के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.24 फीसदी गिरे। महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, इंटरग्लोब एविएशन, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में भी प्रमुख रूप से गिरावट देखने को मिली। वहीं लाभ में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और भारती एयरटेल शामिल हैं।
एफआईआई ने 8,776.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 8,776.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी तरफ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 4.10 प्रतिशत चढ़कर 96.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

