Site icon hindi.revoi.in

यूपी भाजपा में बड़ा फेरबदल : वाराणसी व गोरखपुर सहित 5 जिलों में नए जिलाध्यक्ष, पंकज चौधरी ने जारी की सूची

Social Share

लखनऊ, 28 मई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को मजबूती देने की कवायद के तहत उत्तर प्रदेश के अपने 98 संघटनात्मक जिलों में से वाराणसी व गोरखपुर सहित पांच में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को यह सूची जारी की।

राम सकल पटेल वाराणसी व रमेश प्रसाद गुप्ता संभालेंगे गोरखपुर महानगर

पंकज चौधरी के हस्ताक्षर से जारी सूची के अनुसार दिलीप देव पटेल को अम्बेडकर नगर, राम सकल पटेल को वाराणसी, काशी नाथ सिंह को चंदौली, रमेश प्रसाद गुप्ता को गोरखपुर महानगर और काली प्रसाद को देवरिया का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

जातीय समीकरण का ध्यान, पुराने कार्यकर्ताओं पर भरोसा

भाजपा की इस सूची में जातीय और क्षेत्रीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा गया है। पूर्वांचल के इन अहम जिलों में पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है जबकि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माना जाता है। ऐसे में इन दोनों जगहों पर संगठन की कमान अनुभवी चेहरों को सौंपी गई है।

राम सकल लंबे समय से वाराणसी में संगठन के काम देख रहे

राम सकल पटेल लंबे समय से वाराणसी में संगठन के काम देख रहे थे और जमीनी पकड़ रखते हैं। वहीं, गोरखपुर महानगर की जिम्मेदारी रमेश प्रसाद गुप्ता को देकर पार्टी ने वैश्य समाज को साधने का संदेश दिया है। काशी नाथ सिंह चंदौली में संगठन के पुराने चेहरे हैं। अम्बेडकर नगर में दिलीप देव पटेल और देवरिया में काली प्रसाद को कमान देकर पार्टी ने स्थानीय समीकरण दुरुस्त किए हैं।

2027 की तैयारी शुरू

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के पद संभालने के बाद जिलाध्यक्षों की यह अंतिम सूची है। माना जा रहा है कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन में बदलाव शुरू कर दिए हैं। नए जिलाध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का टास्क दिया जाएगा।

Exit mobile version