Site icon hindi.revoi.in

वित्तीय वर्ष के अंतिम कारोबारी दिन शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 72000 के नीचे, निफ्टी 488 अंक टूटा

Social Share

मुंबई, 30 मार्च। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ने से घरेलू शेयर बाजार चालू वित्त वर्ष के अंतिम कारोबारी सत्र में भी बड़ी गिरावट से बेजार दिखा। इस क्रम में सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 1,636 अंक लुढ़कने के साथ जहां 72,000 के नीचे जा फिसला वहीं एनएसई निफ्टी भी 488 अंकों के नुकसान में रहा।

वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बीएसई सेंसेक्स 5,467.37 अंक टूटा

यह लगातार दूसरा कारोबारी सत्र था, जब दोनों बेंचमार्क इंडेक्स बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। पिछले दो कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 3,325.9 अंक टूटा है जबकि निफ्टी में 975.05 अंकों की गिरावट रही। वित्त वर्ष 2025-26 के लिहाज से देखें तो बीएसई सेंसेक्स 5,467.37 अंक यानी सात प्रतिशत लुढ़का जबकि निफ्टी 1,187.95 अंक यानी पांच प्रतिशत नीचे आया।

सेंसेक्स 1,635.67 अंक टूटकर 71,947.55 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,635.67 अंक यानी 2.22 प्रतिशत टूटकर 71,947.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 1,809.09 अंक तक लुढ़क गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 28 के शेयर लाल निशान पर बंद हुए जबकि सिर्फ दो लाभ में रहे।

निफ्टी 2.14 प्रतिशत की गिरावट से 22,331.40 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 488.20 अंक यानी 2.14 प्रतिशत टूटकर 22,331.40 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में चार के स्टॉक हरे निशान पर रुके और 46 में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 3.13 प्रतिशत टूटा जबकि स्मॉलकैप सेलेक्ट में 2.14 प्रतिशत की गिरावट आई।

निवेशकों के 9.71 लाख करोड़ रुपये डूबे

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन एक ही सत्र में घटकर 412.44 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिन 422.15 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप सोमवार को करीब 9.71 लाख करोड़ रुपये घटा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 9.71 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

बजाज फाइनेंस के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.09 फीसदी गिरे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस के स्टॉक सबसे ज्यादा 5.09 फीसदी गिरे। भारतीय स्टेट बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक भी प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी ओर टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड लाभ में रहे।

‘महावीर जयंती’ के मौके पर शेयर बाजार में मंगलवार को बंदी

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,367.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,566.15 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.18 प्रतिशत बढ़कर 115.1 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार में मंगलवार को ‘महावीर जयंती’ के मौके पर बंदी रहेगी।

Exit mobile version