मुंबई, 10 मार्च। भारतीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी भारी गिरावट पर ब्रेक लगा और मंगलवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त दर्ज करने में सफल रहे। बीएसई सेंसेक्स 640 अंकों की बढ़त से 78,000 के पार पहुंचा तो एनएसई निफ्टी में 233 अंकों की मजबूती पकड़ी।
कच्चे तेल के दाम में नरमी का सकारात्मक असर पड़ा
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के जल्द समाप्त होने के संकेतों के बीच कच्चे तेल के दाम में नरमी और दुनिया के अन्य प्रमुख बाजारों में तेजी का घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 9.03 प्रतिशत टूटकर 90.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। गौरतलब है कि संघर्ष के बीच तेल व्यापार में रुकावट की वजह से कई देशों में बढ़ते तेल संकट के मद्देनजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार की रात दावा किया कि ईरान में मिलिट्री ऑपरेशन बहुत जल्द खत्म हो जाएगा।
सेंसेक्स 0.82 प्रतिशत बढ़कर 78,205.98 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 639.82 अंक यानी 0.82 प्रतिशत बढ़कर 78,205.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 960.09 अंक चढ़कर 78,526.25 अंक तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर हरे निशान पर रुके जबकि छह में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 0.97 प्रतिशत चढ़कर 24,261.60 अंक पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 233.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत चढ़कर 24,261.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 41 के स्टॉक सकारात्मक रहे और नौ में कमजोरी रही। छोटी कम्पनियों से जुड़े बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.91 प्रतिशत और मझोली कम्पनियों के मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.71 प्रतिशत की तेजी रही।
निवेशकों की पूंजी में ₹6.43 लाख करोड़ की वृद्धि
बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 447.53 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन 441.10 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस प्रकार बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप एक सत्र में करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की पूंजी में करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।
महिंद्रा एंड महिंद्रा के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.67 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स में शामिल कम्पनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.67 फीसदी चढ़े। उसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन, मारुति, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले प्रमुख शेयरों में इटर्नल, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल शामिल हैं।
एफआईआई ने 6,345.57 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 6,345.57 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 9,013.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

