Site icon Revoi.in

जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे पर बड़ा हमला, भाषण के बीच मारी गई गोली

Social Share

टोक्यो, 8 जुलाई। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर जानलेवा हमला हुआ है। जापान टाइम्स के मुताबिक, पश्चिमी जापान के नारा शहर में उन पर फायरिंग हुई है। गोली लगने से भाषण के दौरान वह गिर पड़े। वह संसद के उच्च सदन के लिए रविवार को होने वाले चुनाव से पहले एक सभा को संबोधित कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद आबे को कार्डियक अरेस्ट आया।

फिलहाल स्थिति काफी नाजुक है। डॉक्टरों का कहना है कि वह अपनी अंतिम सांसें गिन रहे हैं। बचने की संभावना नहीं के बराबर है। साइट पर मौजूद एक शख्स ने कहा कि उसने बंदूक की गोली चलने की आवाज सुनी और उसने देखा कि आबे को खून बह रहा था। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद वह बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि उसने एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस संदिग्ध ने आबे को भाषण के दौरान पीछे से गोली मारी।

बता दें कि जापान दुनिया के ऐसे देशों में है, जिन्हें सबसे सुरक्षित माना जाता है। लेकिन इस देश में एक पूर्व प्रधानमंत्री पर हुए इस हमले ने सभी को चौंका दिया है। पुलिस भी इस घटना से सतर्क हो गई है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया गया है कि जिस संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। पश्चिमी जापान के नारा शहर में शिंजो आबे की ये छोटी सी सभा थी। जिसमें करीब 100 लोग शामिल थे। जब आबे भाषण देने आए तो पीछे से एक हमलावर ने गोली चलाई. जिसके बाद आबे नीचे गिर गए।