वॉशिंगटन, 27 मार्च। ह्वाइट हाउस की ओर से सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट की गईं कुछ रहस्यमयी वीडियो और धुंधली तस्वीरों से पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच खलबली मच गई है और लोगों में चर्चा शुरू हो गई है कि जल्द कोई बड़ा एलान होने वाला है।
दरअसल, एक वीडियो में ‘चुप रहने वाला’ इमोजी दिखता है। जब लोगों ने उस वीडियो की आवाज को उल्टा चलाकर सुना, तो उसमें ‘कल बड़ा एलान होगा’ जैसा मैसेज सुनाई दिया। ये पोस्ट बुधवार रात से शुरू हुए और देखते ही देखते लाखों लोग इन्हें देखने लगे। सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की बातें और अंदाजे लगाए जा रहे हैं।
पहला वीडियो White House X account पर डाला गया था, जो बाद में हटा दिया गया। इसमें मोबाइल से शूट की गई हिलती हुई वीडियो दिखती है, जिसमें एक महिला नजर आती है। वह पूछती है, ‘यह बहुत अच्छा है, यह जल्द लॉन्च होने वाला है ना?’ और पीछे से एक आदमी की आवाज आती है- ‘हां, जल्द ही।’
— The White House (@WhiteHouse) March 27, 2026
इसके बाद एक और वीडियो आया, जिसमें पहले काली स्क्रीन होती है, फिर ह्वाइट हाउस की तस्वीर और नीचे डोनाल्ड ट्रंप का नाम दिखता है। इसमें भी आवाज साफ नहीं है, लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि उल्टा सुनने पर वही ‘कल बड़ा एलान’ वाली बात सुनाई देती है। इसके अलावा ह्वाइट हाउस ने तीन धुंधली (pixelated) तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिनमें से दो में ट्रंप और एक में उप राष्ट्रपति जेडी वेंस नजर आ रहे हैं।
गौर करने वाली बात है कि यह सब ऐसे समय में हो रहा है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बहुत ज्यादा बढ़ा हुआ है। ट्रंप कह रहे हैं कि दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है, लेकिन ईरान इसे लगातार नकार रहा है। ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि उन्होंने ईरान पर होने वाले हमले को फिलहाल टाल दिया है और बातचीत जारी है। लेकिन ईरान के अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हो रही।
इसी बीच खबर आई है कि अमेरिका मध्य-पूर्व में करीब 10,000 और सैनिक भेजने पर विचार कर रहा है, जिससे वहां उसकी सैन्य ताकत और बढ़ जाएगी। दूसरी तरफ ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने जमीनी हमला किया तो वह हौथी विद्रोही के जरिए लाल सागर (Red Sea) में जहाजों पर हमला कर सकता है, जिससे एक और नया मोर्चा खुल सकता है। कुल मिलाकर इन रहस्यमयी पोस्ट्स और बढ़ते तनाव के बीच अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि ट्रंप आखिर कौन सा ‘बड़ा एलान’ करने वाले हैं।

