Site icon hindi.revoi.in

महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद की लोकसभा में गूंज, सुप्रिया सुले का आरोप – बकवास कर रहे कर्नाटक के सीएम

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 7 दिसम्बर। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच जारी सीमा विवाद का मुद्दा संसद के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन लोकसभा तक जा पहुंचा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) सांसद सुप्रिया सुले ने इस मुद्दे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की खिंचाई की और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस बारे में बयान देने का आग्रह किया।

सुप्रिया सुले ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘महाराष्ट्र में पिछले 10 दिनों से एक नया मामला सामने आया है। हमारे पड़ोसी राज्य कर्नाटक के मुख्यमंत्री बकवास कर रहे हैं। कल महाराष्ट्र के लोग कर्नाटक की सीमा पर जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें पीटा गया।’

बसवराज बोम्मई महाराष्ट्र को तोड़ने की बात कर रहे

सुप्रिया ने आगे कहा, ‘महाराष्ट्र के खिलाफ पिछले 10 दिनों से साजिश चल रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई महाराष्ट्र को तोड़ने की बात कर रहे हैं। दोनों राज्य भाजपाशासित हैं। कल महाराष्ट्र के लोगों को पीटा गया। इसकी अनुमति नहीं दी जा सकती। यह एक देश है। मैं अमित शाह से बोलने का आग्रह करती हूं।’

वहीं महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद के बीच महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मंगलवार को कहा कि वह इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात करेंगे। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए फड़णवीस ने कहा कि उन्होंने मंगलवार को हुई घटनाओं पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से बात की थी।

Exit mobile version