Site icon Revoi.in

Maha Shivratri: पीएम मोदी और सीएम योगी ने देशवासियों को दी महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं

Social Share

नई दिल्ली/लखनऊ, 8 मार्च। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व पर देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह पर्व हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा लेकर आए तथा ‘अमृतकाल’ में देश के संकल्पों को नई शक्ति प्रदान करे। देश भर में आज महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जा रहा है। इस अवसर पर श्रद्धालु ‘जय भोलेनाथ’ और ‘हर-हर महादेव’ का जयकारा लगाते हुए शिवालयों, मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देश के मेरे सभी परिवारजनों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह महापर्व हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा लेकर आए और अमृतकाल में देश के संकल्पों को भी नई शक्ति प्रदान करे। जय भोलेनाथ!!’’ प्रधानमंत्री आजादी की 75वीं वर्षगांठ से 100वीं वर्षगांठ तक 25 वर्षों के सफर को अमृतकाल कहते हैं और इस अवधि में उन्होंने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का आह्वान किया है।

वहीं सीएम योगी ने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ”देवाधिदेव महादेव की आराधना को समर्पित पावन पर्व महाशिवरात्रि की प्रदेश वासियों एवं सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं! भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की कृपा से सभी के मनोरथ पूर्ण हों, सृष्टि का कल्याण हो।हर-हर महादेव!”

वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने शुभकामना संदेश में कहा कि महाशिवरात्रि पर्व शिव और शक्ति की उपासना का पर्व है। शिवरात्रि पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने के लिए प्रेरित करता है। लोकमंगल के लिए जीवन और मृत्यु पर विजय के संदेश से महाशिवरात्रि पर्व हमें जीवन के वास्तविक अर्थों से जोड़ता है। महाशिवरात्रि सहित भारत के सभी पर्व राष्ट्रीय एकता तथा संस्कृति के पोषक भी है और संवाहक भी है।