Site icon Revoi.in

केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली में महारैली आज, रामलीला मैदान में एकजुट होगा I.N.D.I.A.

Social Share

नई दिल्ली, 30 मार्च। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी स्थित रामलीला मैदान में रविवार को विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. ने एक महारैली का आयोजन किया है। इस ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ नाम दिया गया है और इसमें 28 बड़े दल शामिल होंगे।

लोकतंत्र बचाओ रैली‘ में 28 बड़े दल शामिल होंगे

दरअसल, लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी बिगुल बज चुका है और तमाम पार्टियां प्रचार कर रही है। एक तरफ यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के लिए 400 प्लस का लक्ष्य साध दिया है तो दूसरी तरफ विपक्ष ने भी एकजुट होकर I.N.D.I.A. गठबंधन बनाया है। अब केजरीवाल के बहाने चुनावी माहौल में पहली बार इस गठबंधन की संयुक्त ताकत राजधानी दिल्ली में दिखेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी से लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे तक, शरद पवार से लेकर हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन तक, उद्धव ठाकरे से लेकर जम्मू-कश्मीर से फारूक अब्दुल्ला तक, तमाम बड़े चेहरे एक साथ मंच साझा करते दिखेंगे। चूंकि लोकसभा चुनाव नजदीक है, ऐसे में I.N.D.I.A. ब्लॉक की इस महारैली के मायने काफी ज्यादा बढ़ गए हैं। समझने वाली बात ये है कि अरविंद केजरीवाल की कथित शराब घोटाले में गिरफ्तारी की वजह से जमीन पर कई समीकरण बदल गए हैं।

एक तरफ अगर आम आदमी पार्टी लगातार भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है तो वहीं एक नई ताकत के रूप में उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल जमीन पर सक्रिय होने की कोशिश कर रही हैं। माना तो ये भी जा रहा है कि विपक्ष की रैली में कल्पना सोरेन के साथ अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मंच साझा कर सकती हैं। खबर तो ये भी आई है कि लंबे समय बाद सियासी मंच पर सोनिया गांधी भी वापसी कर सकती हैं, दिल्ली में होने जा रही रैली में उनका भाषण भी सुनने को मिल सकता है।

लंबे समय बाद कांग्रेस आम आदमी पार्टी साथ खड़ी दिखेंगी

महारैली की खास बात तो यह है लंबे समय बाद कांग्रेस व  आम आदमी पार्टी साथ खड़ी दिखेंगी। साफ संदेश देने की कोशिश हो रही है कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ पूरा I.N.D.I.A. गठबंधन एकजुट है और उसमें देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस भी शामिल है।

इस रैली में कांग्रेस का आम आदमी पार्टी को समर्थन देना इसलिए मायने रखता है कि कई मुद्दों पर ये दोनों ही पार्टियां एक दूसरे की धुर विरोधी मानी जाती है। सीट शेयरिंग को लेकर भी दिल्ली से लेकर पंजाब तक लंबे समय तक सहमति नहीं बन पाई थी, लेकिन अब राजधानी में एक तरफ यदि आम आदमी पार्टी चार सीटों पर लड़ने जा रही है तो तीन सीटें कांग्रेस को दी गई हैं। इसी तरह पंजाब में भी आपसी सहमति बन चुकी है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने महारैली को लेकर साधा निशाना

I.N.D.I.A. गठबंधन अपनी इस रैली को लेकर काफी उत्साहित है, लेकिन भाजपा ने अभी से उस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि इस रैली की सबसे मजेदार बात ये है कि ये रामलीला मैदान में आयोजित की जा रही है। ये वही मैदान है, जहां पर एक समय अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन छेड़ा था और अरविंद केजरीवाल उस समय अन्ना के साथ ही मंच साझा किया करते थे। ये वो समय था, जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी, ऐसे में अब जब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने हाथ मिला लिया है। भाजपा इसे बड़ा बुड्ढा बनाने की कोशिश कर रही है।