Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : ऋषभ पंत की कप्तानी पारी से LSG का खाता खुला, घरेलू मैदान पर रोमांचक संघर्ष में SRH परास्त

Social Share

हैदराबाद, 5 अप्रैल। अनुभवी पेसर मोहम्मद शमी (2-9) की अगुआई में गेंदबाजों की कसावट के बाद ऋषभ पंत (नाबाद 68 रन, 50, गेंद, नौ चौके) ने जिम्मेदारी से ओतप्रोत कप्तानी पारी खेली। नतीजा यह हुआ कि लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) ने रविवार को यहां अंतिम ओवर तक खिंचे रोमांचक संघर्ष में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को पांच विकेट से शिकस्त देने के साथ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में अपना खाता खोल लिया।

क्लासेन-नीतीश की शतकीय भागीदारी से 156 रनों तक पहुंची हैदराबादी टीम

उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अपने दर्शकों के सामने पहले बल्लेबाजी पर बाध्य हैदराबादी टीम को 4-26 की खराब शुरुआत के बाद हेनरिच क्लासेन (62 रन, 41 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) व नीतीश कुमार रेड्डी (56 रन, 33 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) का सहारा मिला, जिनके बीच पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों पर 116 रनों की शतकीय साझेदारी से स्कोर नौ विकेट पर 156 रनों तक पहुंचा।

पंत का मैच जिताऊ पचासा, मार्करम की भी उपयोगी पारी

सामान्य लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स के ओपनर मिचेल मार्श (14 रन, 12 गेंद, दो चौके) ज्यादा देर नहीं रुके औप पांचवें ओवर में ईशान मलिंगा के शिकार हो गए (1-37)। हालांकि उनके साथी ओपनर एडेन मार्करम (45 रन, 47 गेंद, दो छक्के, छह चौके) को ऋषभ का साथ मिला। 10वें ओवर में 77 पर मार्करम के लौटने के बाद पंत ने जिम्मेदारी संभाली और साथी बल्लेबाजों की मौजदूगी में मेहमानों को मंजिल दिला दी, जिन्होंने 19.5 ओवरों में पांच विकेट पर 160 रन बना लिए।

अंतिम ओवर में पंत ने उनादकट पर जड़े तीन चौके

हर्ष दुबे (2-18) ने यद्यपि बीच के ओवरों में आयुष बदोनी (12 रन, नौ गेंद, एक चौका) व अब्दुल समद (16 रन, 12 गेंद, दो चौके) को ज्यादा दूर नहीं जाने दिया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच निकोलस पूरन (एक रन) भी रन आउट होकर लौट चुके थे। लेकिन पंत अडिग रहे। इस क्रम में अंतिम ओवर में जीत के लिए नौ रनों की दरकार थी और काफी खर्चीले साबित हुए जयदेव उनादकट (0-50) पर तीन चौके जड़ने के साथ उन्होंने अपनी टीम को पहली जीत दिला दी।

लखनऊ के नाम पहली जीत तो हैदराबाद की दूसरी पराजय

उल्लेखनीय है कि लखनऊ को घरेलू मैदान पर खेले गए अपने पहले मैच में जहां दिल्ली कैपिटल्स (DC) के हाथों पराजय सहनी पड़ी थी वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की तीन मैचों में यह दूसरी हार थी। उद्घाटन मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों मिली पराजय के बाद ईशान किशन एंड कम्पनी ने कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को शिकस्त दी थी।

मो. शमी ने अभिषेक व हेड को लौटाकर हैदराबाद की शुरुआत बिगाड़ी

इस मैच पर गौर करें तो एसआरएच की हाहाकारी शुरुआत हुई, जब ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ 35 वर्षीय शमी ने अभिषेक शर्मा (शून्य) और ट्रैविस हेड (सात रन) की खतरनाक सलामी जोड़ी को अपने पहले दो ओवरों में ही चलता कर दिया। उधर कप्तान ईशान किशन (एक रन) को प्रिंस यादव (2-34) ने बोल्ड मार दिया तो आक्रामक बल्लेबाज लियम लिविंगस्टोन (14 रन, 20 गेंद, एक छक्का) भी पंत की शानदार विकेटकीपिंग का शिकार बने।

स्कोर कार्ड

शुरुआती 10 ओवरों में 35 रनों पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही हैदराबाद टीम के लिए क्लासेन व व रेड्डी ने ‘आक्रमण ही सर्वश्रेष्ठ बचाव’ की रणनीति पर अमल किया और शतकीय भागीदारी से स्थिति संभाली। हालांकि एम. सिद्धार्थ ने 18वें ओवर में नीतीश को लौटाकर भागीदारी तोड़ी तो अंतिम 15 गेंदों के भीतर 14 रनों की वृद्धि पर फिर पांच बल्लेबाज निकल गए। इनमें आवेश खान ने 36 रन देकर क्लासेन सहित दो विकेट लिए।

सोमवार का मैच : कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम पंजाब किंग्स (कोलकाता, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version