हापुड़, 13 मार्च। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी (DM) के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने छापेमारी के दौरान एक निजी आवास से कुल 32 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा बलियान ने जानकारी देते हुए बताया कि कल रात करीब 9 बजे एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान एक घर से 18 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर ज़ब्त किए गए। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सिलेंडरों को कब्जे में ले लिया है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी ने जिले की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि हापुड़ में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने कहा “हापुड़ में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसी भी नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है। लोग सामान्य प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाकर अपनी गैस एजेंसियों से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।” प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी या अवैध भंडारण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

