Site icon Revoi.in

बॉलीवुड : कपूर खानदान के घर में आई नन्ही परी, आलिया भट्ट ने दिया बेटी को जन्म

Social Share

मुंबई, 6 नवम्बर। बॉलीवुड के लोकप्रिय कपूर खानदान के घर में रविवार को एक नन्ही परी आई है। खानदान की बहू आलिया भट्ट ने दिन में एक बेटी को जन्म दिया। रणबीर कपूर की पत्नी व फिल्म एक्ट्रेस आलिया को पूर्वाह्न 8.20 पर मुंबई के एच.एन रिलायंस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां दोपहर को उन्होंने बेटी को जन्म दिया।

कपूर खानदान के दोस्त और रिश्तेदार इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। ऐसे में पूरे कपूर खानदान में जश्न का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आलिया और बेबी, दोनों ही स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में है। इससे पहले कुछ तस्वीरें भी वायरल हुई थी जिसमें आलिया को अस्पताल जाते हुए देखा गया था।

हमारी जिंदगी की बेस्ट न्यूज आ गई है

आलिया ने सोशल मीडिया पर बेबी के आने की अधिकृत घोषणा की। आलिया ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘हमारी जिंदगी की बेस्ट न्यूज आ गई है। हमारा बेबी इस दुनिया में आ गया है और वो कमाल की लड़की है। इस खुशी को जाहिर करना मुश्किल है। हम एक ब्लेस्ड पेरेंट्स बन गए हैं। प्यार, प्यार, प्यार आलिया और रणबीर।’


आज मैं सबसे ज्यादा खुश हूं : रिद्धिमा कपूर

रणबीर की बहन रिद्धिमा कपूर ने भी सोशल मीडिया पर आलिया-रणबीर की फोटो शेयर कर लिखा, ‘आज मैं सबसे ज्यादा खुश हूं। सबसे प्यारी बेबी गर्ल के सबसे प्राउड पेरेंट्स। बुआ उसे पहले से ही प्यार करती है।’

आलिया और रणबीर की इसी वर्ष अप्रैल में हुई थी शादी

गौरतलब है कि डेलिवरी से पहले आलिया की गोद भराई का भी रस्म हुआ था। इस गोद भराई की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी हुई थीं। रणबीर और आलिया की इसी वर्ष 14 अप्रैल को शादी हुई थी। इसके बाद 27 जून को आलिया ने प्रेग्नेंसी की अनाउंसमेंट की थी। शादी के कुछ माह बाद तो वह बहुत कम बाहर निकलती थीं। उन्हें कई बार हल्के कपड़ों में भी देखा गया था और इस दौरान उन्होंने कोई फिल्म भी साइन नहीं की है।