एर्नाकुलम, 3 जून। पश्चिम एशिया में जारी संकट और तेल की वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी के बीच बुधवार को कुवैत का एयरस्पेस अचानक बंद कर दिया गया, जिसके चलते कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहरीन के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस सेवा रद कर दी गई। फ्लाइट नंबर IX 439 कोच्चि से बहरीन के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन उसे आखिरी क्षणों में रद कर दिया गया।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट बुधवार को पूर्वाह्न 11.45 पर नेदुंबसेरी से बहरीन के लिए रवाना होने वाली थी, इसलिए, केरल के बाहर रहने वाले यात्री एयरपोर्ट पर जल्दी पहुंच गए थे और यात्रियों की बोर्डिंग समेत सभी सिक्योरिटी चेकिंग भी पूरी हो चुकी थी। हालांकि, कंट्रोल रूम से एक इमरजेंसी मैसेज आया कि कुवैत का एयरस्पेस अचानक बंद कर दिया गया है, जिससे अधिकारियों को उड़ान सेवा तुरंत रद करनी पड़ी।
अंततः बोर्डिंग के लिए तैयार सभी 119 यात्रियों को एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। इस अचानक आई रुकावट की वजह से एयरपोर्ट पर घंटों तक तनाव और बेचैनी का माहौल रहा। इसके बाद, कस्टम और इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने दखल देकर पैसेंजर का इमिग्रेशन क्लियरेंस रद कर दिया और उनका सामान वापस कर दिया। इसके बाद यात्रियों को एयरपोर्ट से बाहर निकाला गया और घर वापस भेज दिया गया।
मघ्य पूर्व में मिसाइल हमले को बताया जा रहा कारण
एयरस्पेस के अचानक बंद होने का कारण ईरान और मिडिल ईस्ट के दूसरे पड़ोसी देशों के बीच हाल ही में बढ़े सैन्य तनाव को बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मिसाइल और ड्रोन अटैक ने बहरीन में कुछ खास रणनीतिक जगहों और रिहायशी इलाकों को टारगेट किया, जिन्हें बहरीन डिफेंस फोर्स ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट करके खत्म कर दिया। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने सेफ्टी और सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट सर्विस पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया है।
संकट में बाहर से आए लोग
फिलहालकुवैत एयरस्पेस बंद होने के चलते सैकड़ों नॉन-रेसिडेंट केरलवासी, जो ईद और गर्मी की छुट्टियों के बाद अपने काम की जगहों पर लौटने का प्लान बना रहे थे, बहुत मुश्किल में पड़ गए हैं। इनमें कई लोगों के वीजा खत्म होने वाले हैं और ऐसी स्थितियां हैं, जिनसे उनकी नौकरी पर असर पड़ सकता है।
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने टिकट रिफंड का भरोसा दिया
इस बीच कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के अधिकारियों ने बताया है कि एअर इंडिया एक्सप्रेस कैंसिल हुई फ्लाइट के यात्रियों के लिए दूसरे यात्रा की व्यवस्था या टिकट के पूरे पैसे रिफंड के बारे में बाद में एक साफ अधिसूचना जारी करेगा।

