Site icon Revoi.in

पत्नी अनुष्का संग ऋषिकेश में PM मोदी के गुरु के आश्रम में पहुंचे कोहली, मां गगा का लिया आशीर्वाद

Social Share

ऋषिकेश, 31 जनवरी। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ इन दिनों धर्म यात्राएं कर रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले मिले ब्रेक का कोहली भरपूर लाभ उठा रहे हैं। कोहली और अनुष्का ऋषिकेश पहुंचे। इस दौरान दोनों स्वामी दयानंद सरस्वती के आश्रम भी पहुंचे। स्वामी दयानंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आध्यात्मिक गुरु थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट और अनुष्का धार्मिक अनुष्ठान के लिए ऋषिकेश पहुंचे। धार्मिक अनुष्ठान मंगलवार को होने की संभावना है।

इसके अलावा दोनों ने गुरु की समाधि पर पुष्प अर्पित कर ध्यान भी लगाया। स्वामी दयानंद पीएम मोदी के आध्यात्मिक गुरु थे। पीएम खुद उनसे मुलाकात करने के लिए ऋषिकेश के शीशम झाड़ी स्थित स्वामी दयानंद सरस्वती के आश्रम गए थे। बाद में स्वामी दयानंद ब्रह्मलीन हो गए थे। कोहली और अनुष्का ने दयानंद आश्रम के अध्यक्ष स्वामी साक्षातकृता नंद महाराज से आशीर्वाद भी लिया। रात में वह आश्रम में ही ठहरे। उन्होंने आश्रम की रसोई में बना भोजन ही ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने रोटी, सब्जी, खिचड़ी और कढ़ी खाई। विराट और अनुष्का ने आश्रम में नियमित होने वाली योग क्लास में भी शामिल हुए।

विराट कोहली इसी महीने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले अनुष्का और बेटी वामिका के साथ वृंदावन में श्री बाके बिहारी मंदिर में भी नतमस्तक हुए थे। इस दौरान विराट ने परिवार संग वृंदावन में श्री परमानंद जी का आशीर्वाद लिया था। वृंदावन से लौटने के बाद कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में कमाल का खेल दिखाया। अब वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भाग लेंगे। इस सीरीज की शुरुआत 9 फरवरी से होने जा रही है।