Site icon hindi.revoi.in

Kerala IPS Transfers : सतीशन सरकार ने किया बड़ा फेरबदल, 30 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला

Social Share

तिरुवनंतपुरम, 12 जून। केरल में वी.डी. सतीशन के नेतृत्व वाली नई सरकार बनने के बाद पुलिस विभाग में पहला बड़ा फेरबदल किया गया है। इस बदलाव के तहत करीब 30 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। साथ ही, पिछली सरकार के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से दूर रखे गए कई अधिकारियों को फिर से अहम पदों पर नियुक्त किया गया है। इस बड़े फेरबदल में पी. विजयन को कानून-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) के नए एडीजीपी के रूप में नियुक्त किया गया है, जो पुलिस विभाग के सबसे महत्वपूर्ण पदों में से एक माना जाता है।

पहले इंटेलिजेंस विंग का नेतृत्व कर रहे विजयन को साइबर ऑपरेशंस की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं, एडीजीपी एस. श्रीजीत को पुलिस मुख्यालय से हटाकर जेल विभाग का एडीजीपी बनाया गया है। जेल विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे बलराम कुमार उपाध्याय को अब एडीजीपी , आर्म्ड पुलिस बटालियन नियुक्त किया गया है। एच. वेंकिटेश को क्राइम ब्रांच का एडीजीपी बनाया गया है, जबकि दिनेंद्र कश्यप को आर्म्ड पुलिस बटालियन से स्थानांतरित कर इंटेलिजेंस एडीजीपी नियुक्त किया गया है।

आईजी स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। हर्षिता अट्टलूरी को पुलिस मुख्यालय का आईजी बनाया गया है। एस. श्याम सुंदर को नए बनाए गए क्राइम ब्रांच एक्स-कैडर आईजी पद की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि आर. निशांतिनी को पुलिस मुख्यालय से इंटेलिजेंस आईजी के पद पर भेजा गया है। रेंज और शहर पुलिस प्रशासन में भी बड़े स्तर पर फेरबदल हुआ है। यतीश चंद्रा को कन्नूर रेंज डीआईजी से एर्नाकुलम रेंज डीआईजी बनाया गया है। तिरुवनंतपुरम शहर के पुलिस आयुक्त रहे कार्तिक को त्रिशूर रेंज डीआईजी नियुक्त किया गया है। त्रिशूर रेंज डीआईजी नारायणन टी. को कन्नूर रेंज डीआईजी बनाया गया है।

वहीं, एर्नाकुलम रेंज डीआईजी रहे डॉ. अरुल आर.बी. कृष्णा को तिरुवनंतपुरम शहर का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। यह फेरबदल इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि शौकत अली और शाजी सुगुनन जैसे अधिकारियों को कई वर्षों बाद फिर से कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पद मिले हैं। शौकत अली को कोझिकोड शहर का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वे इससे पहले टी.पी. चंद्रशेखरन हत्याकांड की जांच का नेतृत्व कर चुके हैं।

Exit mobile version