Site icon Revoi.in

केजरीवाल बोले – दिल्ली में वैक्सीन की कमी, राष्ट्रीय राजधानी को तीन करोड़ टीके की जरूरत

Social Share

नई दिल्ली, 8 मई। कोरोना महामारी से जूझ रही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि प्रदेश में कोरोनारोधी वैक्सीन की बहुत कमी है। उन्होंने शनिवार को डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्लीवासियों के लिए तीन करोड़ वैक्सीन की जरूरत है, जिनमें सिर्फ 40 लाख की आपूर्ति हुई है। यदि पर्याप्त खुराक मिल जाए तो तीन माह में टीकाकरण का अभियान पूरा कर लिया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के स्कूलों में टीकाकरण अभियान जारी है। आने वाले समय मे 300 स्कूलों में वैक्सिनेशन केंद्र स्थापित कर दिए जाएंगे। अभी प्रतिदिन एक लाख वैक्सीन लगाई जा रही है। बहुत से लोग नोएडा, गाजियाबाद से आकर टीका लगवा रहे हैं। तीन महीने में वैक्सिनेशन के लिए दिल्ली को तीन करोड़ वैक्सीन चाहिए जबकि अब तक सिर्फ 40 लाख वैक्सीन ही मिली हैं। दिल्ली को 2.6 करोड़ वैक्सीन की जरूरत है।’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘केंद्र सरकार हमें उचित वैक्सीन उपलब्ध कराए। संक्रमण के थर्ड वेब की चेतावनी मिली है। वैक्सिनेशन ही तीसरी वेब से बचा सकती है। हम 18 साल से कम उम्र के बच्चों को वैक्सीन नही लगा सकते। केंद्र उनके लिए वैक्सीन बनाए।’

उन्होंने कहा, ‘आज हमारे यहां वैक्सीन की बहुत कमी है। अगर हमें पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मिल जाए तो हम तीन महीने में पूरी दिल्ली को वैक्सीन लगा सकते हैं। प्रदेश में एक करोड़ लोग 18-44 उम्र के हैं। कुल मिलाकर डेढ़ करोड़ लोगों को वैक्सीन लगानी है तो तीन करोड़ वैक्सीन चाहिए।’