Site icon hindi.revoi.in

कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद सीबीआई के अगले निदेशक नियुक्त

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 14 मई। कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रवीण सूद की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अगले निदेशक के रूप में नियुक्ति की गई है। रविवार को एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई।

कर्नाटक कैडर के 1986 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी सूद मौजूदा सीबीआई निदेशक सुबोध कुमार जायसवाल का स्थान लेंगे, जिनका दो वर्ष का निर्धारित कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो जाएगा।

2 वर्षों का होगा कार्यकाल

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने एक आदेश में कहा गया है कि सुबोध कुमार जायसवाल का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रवीण सूद की दो वर्षों के लिए सीबीआई निदेशक के रूप में नियुक्ति के लिए सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से अवगत कराया जाता है।

सूद आईआईटी-दिल्ली, भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम)-बेंगलुरु और न्यूयॉर्क में सिरैक्यूज विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। वह मई, 2024 में सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन अब उनका दो वर्षों का तय कार्यकाल होगा।

उच्चस्तरीय समिति की बैठक में लिया गया फैसला

प्रवीण सूद को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो का अगला निदेशक बनाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी की उच्चस्तरीय समिति की बैठक में शनिवार को उनके नाम की मंजूरी दी गई। कांग्रेस नेता चौधरी ने सीबीआई के अगले निदेशक के रूप में सूद के चयन पर कथित तौर पर असहमति जताई थी। हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं था।

कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार से रही है तल्खी

दरअसल, कर्नाटक चुनाव परिणाम के अगले ही दिन प्रवीण सूद की नियुक्ति इसलिए भी अहम मानी जा रही है कि हालिया दिनों में उनकी कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार से तल्खी भी सामने आई थी। कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले गत 14 मार्च को शिवकुमार ने सूद को नालायक कहा था। उनका कहना था, ‘हमारे DGP इस पद के लायक नहीं हैं। वह तीन साल से DGP हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं। उनके खिलाफ FIR होनी चाहिए।’

कांग्रेस सरकार बनने पर सूद के खिलाफ काररवाई की बात कही थी

शिवकुमार ने आरोप लगाया था, ‘सूद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर 25 केस दर्ज किए, लेकिन भाजपा नेताओं पर एक भी केस दर्ज नहीं किया। हमने चुनाव आयोग से भी शिकायत की है।’ उन्होंने प्रवीण सूद की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा था कि चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनी तो सूद के खिलाफ सख्त काररवाई की जाएगी।

कई पदों पर सेवाएं दे चुके हैं सूद

कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रहने वाले प्रवीण सूद जून, 2022 से कर्नाटक पुलिस के महानिदेशक हैं। इससे पहले वह बेल्लारी और रायचूर जिलों के पुलिस अधीक्षक थे। वह बेंगलुरु शहर में पुलिस उपायुक्त (कानून एवं व्यवस्था) व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) के अलावा मैसूर शहर के पुलिस आयुक्त भी रह चुके हैं। आईपीएस अधिकारी ने मॉरीशस सरकार के पुलिस सलाहकार के रूप में भी काम किया है।

59 वर्षाय सूद को 1996 में सीएम की ओर से गोल्ड मेडल मिल चुका है। इसके अलावा उन्होंने 2002 में पुलिस पदक और 2011 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति की तरफ से पुलिस पदक दिया गया था।

बेटी आशिता ने क्रिकेटर मयंक अग्रवाल से शादी की

सूद की पत्नी विनीता सूद सोशल आंत्रप्रेन्योर हैं। दो बेटियां हैं। एक बेटी आशिता सूद लॉ में पॉस्ट ग्रेजुएट हैं। आशिता ने भारतीय क्रिकेटर मयंक अग्रवाल से 2018 में सगाई की और 2022 में शादी कर ली।

Exit mobile version