Site icon Revoi.in

कर्नाटक : सीएम बसवराज बोम्मई ने दिया इस्तीफा, कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज

Social Share

बेंगलुरु, 13 मई। कर्नाटक कांग्रेस विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की करारी हार के बाद मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस्तीफा दे दिया। बोम्मई देर रात राजभवन पहुंचे और राज्यपाल थावरचंद गहलोत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसी के साथ पूरे मंत्रिमंडल का भी इस्तीफा हो गया है। बोम्मई ने कहा, मैंने राज्यपाल से समय मांगा और अपना इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव का पूरा परिणाम

उल्लेखनीय है कि 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 65 सीटें मिली है। कांग्रेस ने 136 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। जेडीएस को चार सीटें मिली है वहीं, अन्य के खाते में केवल चार सीटें आई है।

कर्नाटक सरकार के 14 मंत्री हारे

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में निवर्तमान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार के 14 मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा। जो मंत्री चुनाव हार गए, उनमें गोविंदा करजोल (मुधोल), जेसी मधुस्वामी (चिकनैकानाहल्ली), बीसी पाटिल (हिरेकेरूर), शंकर पाटिल मुनेना कोप्पा (नवलगुंड), हलप्पा आचार (येलबुर्गा), बी श्रीरामुलु (बेल्लारी), के सुधाकर (चिक्कबल्लापुरा), बी सी नागेश (टिप्तुर), मुरुगेश निरानी (बिल्गी), बीसी पाटिल (हिरेकेरूर) और एमटीबी नागराज (होसकोटे) शामिल हैं।

भाजपा नेता एवं विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी भी सिरसी सीट पर चुनाव हार गए। मंत्री वी सोमन्ना दो क्षेत्रों वरुणा और चामराजनगर से चुनाव हार गए। उन्होंने इन दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था। मंत्री आर. अशोक भी दो निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़े थे। वह पद्मनाभनगर से फिर से चुने गए, लेकिन कनकपुरा सीट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार बोले – शाम 5.30 बजे होगी विधायक दल की बैठक

इस बीच कांग्रेस ने रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि रविवार शाम साढ़े पांच बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, ‘एक व्यक्ति की नहीं पार्टी की पूजा करो। ये 40% कमीशन के खिलाफ, अल्पसंख्यकों को किसानों को दी जा रही परेशानी के खिलाफ जीत है। ये हमारी गारंटियों की जीत है।’