Site icon hindi.revoi.in

कर्नाटक : भाजपा विधायक रेणुकाचार्य का विवादित बयान,  अब मदरसों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

बेंगलुरु, 26 मार्च। कर्नाटक के भाजपा विधायक रेणुकाचार्य ने एक बार फिर विवादास्पद बयान दिया है। रेणुकाचार्य ने दावा किया है कि मदरसों में राष्ट्र विरोधी पाठ पढ़ाए जाते हैं, इसलिए उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज एस. बोम्मई और शिक्षा मंत्री बीसी नागेश से मांग की है कि राज्य में सभी मदरसों पर प्रतिबंध लगा दिया जाए।

आरोप – मदरसों में राष्ट्र विरोधी पाठ पढ़ाए जाते हैं

भाजपा विधायक रेणुकाचार्य ने कहा, ‘मैं सीएम और शिक्षा मंत्री से मांग करता हूं कि मदरसों पर प्रतिबंध लगाया जाए। क्या ऐसे स्कूल नहीं हैं, जहां सभी धर्म के छात्र पढ़ रहे हैं? मदरसा राष्ट्र विरोधी पाठ पढ़ाते हैं, इसे प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।’

रेणुकाचार्य ने कहा, ‘हिजाब मामले पर कुछ राष्ट्रविरोधी संगठनों ने कर्नाटक बंद का आह्वान किया है। क्या सरकार इसे बर्दाश्त कर सकती है? ये पाकिस्तान है, बांग्लादेश है या इस्लामिक देश? हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी संगठनों के कर्नाटक बंद का कांग्रेस नेताओं ने सदन के पटल पर बचाव किया है।

पहले भी विवादास्पद बयान देते रहे हैं रेणुकाचार्य

उल्लेखनीय है कि रेणुकाचार्य मुख्यमंत्री बोम्मई के राजनीतिक सचिव भी हैं। इससे पहले भी वह विवादास्पद बयान देते रहे हैं। उन्होंने प्रियंका गांधी के एक ट्वीट के जवाब में कहा था कि कांग्रेस महासचिव का अपने बयान में ‘बिकनी’ जैसे शब्द का उपयोग करना एक निम्न स्तर का बयान है। कॉलेज में पढ़ते समय बच्चों को पूरी तरह से कपड़े पहनाए जाने चाहिए। आज महिलाओं के कपड़ों के कारण बलात्कार बढ़ रहे हैं क्योंकि पुरुषों को उकसाया जाता है। यह सही नहीं है। हमारे देश में महिलाओं का सम्मान है।

कांग्रेस महासचिव ने अपने ट्वीट में कहा था, ‘चाहे वह बिकनी हो, घूंघट हो, जींस की एक जोड़ी हो या हिजाब, यह तय करना एक महिला का अधिकार है कि वह क्या पहनना चाहती हैं। महिलाओं को परेशान करना बंद करो।’

Exit mobile version