Site icon hindi.revoi.in

पप्पू यादव के ‘चखना-चटनी’ बयान पर भड़कीं कंगना रनौत, बताया महिला-विरोधी सोच

Social Share

मुंबई, 20 मार्च। मंडी से बीजेपी सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर ‘टपोरी’ जैसी टिप्पणी की थी, जिस पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। इस पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि “कंगना-चखना, ये सब चटनी है, इनको इग्नोर करिए”। पप्पू यादव के इस बयान पर कंगना रनौत ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे महिला-विरोधी सोच करार देते हुए सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम स्टोरी) पर अपना गुस्सा जाहिर किया।

कंगना ने अपनी इंस्टा-स्टोरी पर पप्पू यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि बॉलीवुड में लड़कियों को सिर्फ आइटम नंबर तक सीमित कर दिया जाता था, लेकिन अब महिलाओं के खिलाफ इतनी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने लिखा, “उन्होंने मुझे चखना (शराब के साथ लिए जाने वाले स्नेक्स) या चटनी कहा। सिर्फ इसलिए कि मैंने कहा कि राहुल गांधी पलकें झपकाते हैं, लोगों को जबरदस्ती गले लगाते हैं, कुश्ती की क्लास है या महिलाओं को चिढ़ाने वाली बातें, यह सब महिलाओं के लिए असहज है।”

उन्होंने आगे लिखा, “विपक्ष ने मेरे खिलाफ अपमानजनक और गंदी गालियों की बौछार कर दी है। मैं एक फिल्म निर्माता, लेखिका और अभिनेत्री हूं। विपक्ष ने मुझे मनोरोगी या चखना/चटनी तक सीमित कर दिया है। जब मैंने फिल्मों में कदम रखा था, तब महिलाएं सिर्फ आइटम सॉन्ग करती थीं, लेकिन यहां मुझे चखना और चटनी कहा जाता है। अब समय आ गया है कि इस महिला-विरोधी सोच को चुनौती दी जाए।”

बता दें कि कंगना ने मीडिया में बयान जारी कर राहुल गांधी को टपोरी कहा था। अभिनेत्री का कहना था कि जिस तरीके से राहुल गांधी संसद में व्यवहार करते हैं, तो ऐसा लगता है कि गली का कोई टपोरी हो। संसद में मौजूद हर महिला उनसे असहज महसूस करती है। उन्होंने राहुल गांधी को प्रियंका गांधी से तमीज और नैतिक मूल्य सीखने की सलाह दी थी। कंगना के इस बयान का विपक्ष ने जमकर विरोध किया था और इसी कड़ी में पप्पू यादव ने भी उन्हें निशाना बनाया था।

Exit mobile version