Site icon Revoi.in

न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल बनीं गुजरात उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दिलाई शपथ

Social Share

अहमदाबाद, 23 जुलाई। न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल ने रविवार को गुजरात उच्च न्यायालय के 29वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। वह गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद संभालने वाली दूसरी महिला न्यायाधीश हैं।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर स्थित राजभवन में एक समारोह के दौरान न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल को पद की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकर चौधरी और कानून एवं न्याय मंत्री रुशिकेश पटेल उपस्थित थे।

जस्टिस सुनीता मौजूदा समय किसी भी हाई कोर्ट में इकलौती महिला मुख्य न्यायाधीश

उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने पांच जुलाई को न्यायमूर्ति अग्रवाल को गुजरात उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने का प्रस्ताव किया था। शीर्ष अदालत ने कहा था कि वह किसी उच्च न्यायालय की एकमात्र महिला मुख्य न्यायाधीश होंगी क्योंकि वर्तमान में कोई महिला न्यायाधीश देश में उच्च न्यायालयों की मुख्य न्यायाधीश नहीं है।

उधर हैदराबाद में न्यायमूर्ति आलोक अराधे ने तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। पूर्व में कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रहे जस्टिस अराधे को राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के साथ उनके मंत्रिमंडल के कुछ सहयोगी भी मौजूद थे।