Site icon hindi.revoi.in

झारखंड: पश्चिम सिंहभूम में पुलिस ने मुठभेड़ में चार माओवादियों को मार गिराया

Social Share

चाईबासा, 17 जून। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार को तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक महिला समेत कम से कम चार माओवादी मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ टोंटो और गोइलकेरा इलाके में हुई।

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता और महानिरीक्षक (अभियान) अमोल वी होमकर ने बताया, ”मुठभेड़ में चार माओवादी मारे गए जबकि दो को गिरफ्तार कर लिया गया।” महानिरीक्षक ने बताया कि मारे गए चार माओवादियों में एक जोनल कमांडर, एक सब-जोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर और संगठन का एक कार्यकर्ता शामिल है।

उन्होंने बताया कि एक महिला समेत दो माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक संगठन का एरिया कमांडर है। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने खोज अभियान चलाया हुआ था। इस दौरान घात लगाए बैठे माओवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा की गयी गोलीबारी में चार माओवादी मारे गए। उन्होंने बताया कि खोज अभियान अभी भी जारी है।

(PHOTO-FILE)

Exit mobile version