Site icon hindi.revoi.in

जन औषधि दिवस : पीएम मोदी बोले- ‘हर नागरिक को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना हमारी की प्रतिबद्धता’

Social Share

नई दिल्ली, 7 मार्च। जन औषधि दिवस 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना से लाभान्वित सभी लोगों को उनकी बधाई है।पीएम मोदी ने इस पहल को गुणवत्तापूर्ण दवाओं को किफायती दामों पर उपलब्ध कराने की सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने उल्लेख किया कि जन औषधि केंद्रों के जरिए लाखों परिवार अपने स्वास्थ्य देखभाल खर्च में भारी बचत कर रहे हैं और जरूरी उपचार आसानी से प्राप्त कर रहे हैं।

‘माईगव इंडिया’ ने भी इस मौके पर पोस्ट किया कि मजबूत हेल्थकेयर सिस्टम वही होता है जो सबके लिए सुलभ और समावेशी हो। जन औषधि योजना लाखों लोगों की जिंदगी बेहतर बना रही है, क्योंकि यह सुनिश्चित करती है कि आवश्यक दवाएं सस्ती और आसानी से उपलब्ध रहें। खासकर कस्बों और ग्रामीण इलाकों में इन केंद्रों की बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है, साथ ही स्थानीय उद्यमियों और समुदायों को भी बल मिला है।

‘माईगव इंडिया’ के अनुसार, जन औषधि केंद्रों से सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं खरीदकर देशवासियों ने अब तक 40,000 करोड़ रुपये से अधिक की बचत की है। रोजाना 15 लाख से ज्यादा लोग इन केंद्रों पर भरोसा जता रहे हैं। महज 12 वर्षों में केंद्रों की संख्या 80 से बढ़कर 18,000 तक पहुंच गई है, जबकि सालाना बिक्री 7.29 करोड़ रुपये (2014) से बढ़कर 2,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।

वर्तमान में इन केंद्रों पर 2,110 से ज्यादा दवाएं, 315 सर्जिकल उत्पाद और 29 विभिन्न उपचार श्रेणियों की जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं, ताकि एक ही जगह पर हर नागरिक को सस्ती स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। महिलाओं की सेहत और सम्मान को बढ़ावा देते हुए मात्र 1 रुपये प्रति पैड की दर से सैनेटरी पैड्स उपलब्ध हैं, जिनकी बिक्री 100 करोड़ से पार हो चुकी है। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में नए खुले केंद्रों में लगभग 60 प्रतिशत महिलाओं द्वारा संचालित हैं, जो महिलाओं के नेतृत्व को सशक्त बनाने का बेहतरीन उदाहरण है।

Exit mobile version