Site icon Revoi.in

जम्मू-कश्मीर में 24 घंटे के भीतर दूसरा हादसा : राजौरी में बस खाई में गिरने से 6 मरे, 25 घायल

Social Share

जम्मू, 15 सितम्बर। जम्मू-कश्मीर में एलओसी से सटे जुड़वा जिलों – पुंछ और राजौरी 24 घंटे के भीतर दूसरा हादसा हो गया है। इस क्रम में गुरुवार को राजौरी में एक बस के खाई में गिरने से छह यात्रियों की मौत हो गई जबकि 25 यात्रियों के घायल होने की खबर है। इसके पूर्व बुधवार पुंछ में एक बस के खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत हुई थी।

पुलिस के अनुसार यात्रियों से भरी बस जम्मू से पुंछ जा रही थी। राजौरी जिले के मंजाकोट इलाके में यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान चलाया गया।

अंतिम समाचार मिलने तक घटनास्थल से पांच शवों को निकाला जा चुका था। हादसे के घायलों को मंजाकोट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिन्हें गंभीर चोटें आई थी, उन्हें मंजाकोट अस्पताल में प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद राजौरी जिला अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताया

इस बीच जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजौरी सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर लिखा, ‘मैं राजौरी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों, यही मेरी कामना है।’ उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है।