Site icon hindi.revoi.in

रणजी ट्रॉफी फाइनल : जम्मू-कश्मीर ऐतिहासिक खिताबी जीत की देहरी पर, कर्नाटक फॉलोऑन नहीं बचा सका

Social Share

हुबली, 27 फरवरी। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में दबदबा बनाने के बाद रणजी ट्रॉफी फाइनल की दूसरी पारी में भी सधी बल्लेबाजी से शुक्रवार को यहां चौथे दिन कर्नाटक के खिलाफ विशाल बढ़त हासिल कर ली और खुद को ऐतिहासिक खिताबी जीत की देहरी पर ला खड़ा किया।

जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को फॉलोऑन नहीं कराया

केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड पर जम्मू-कश्मीर की पहली पारी के 584 रनों के जवाब में कर्नाटक फॉलोऑन भी नहीं बचा सका और उसकी पहली पारी आज लंच के पहले ही 293 रनों पर सिमट गई। जम्मू-कश्मीर ने 291 रनों की बढ़त हासिल करने के बावजूद फॉलोऑन नहीं करने का फैसला किया और स्टंप्स तक दूसरी पारी में चार विकेट पर 186 रन बना लिए।

मेहमानों की कुल बढ़त 477 रनों तक जा पहुंची

इस प्रकार मेहमानों की कुल बढ़त 477 रनों तक जा पहुंची है और खिताब पर उनका कब्जा लगभग पक्का हो गया है। सलामी बल्लेबाज कमरान इकबाल दिन का खेल समाप्त होने तक 94 रन (111 गेंद, एक छक्का, 11 चौके) बनाकर नाबाद थे जबकि साहिल लोटरा 16 रन बनाकर उनके साथ क्रीज पर हैं।

मयंक अग्रवाल ने बनाए जुझारू 160, अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया

इसके पूर्व कर्नाटक की बल्लेबाजी जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों के सामूहिक प्रयास के सामने फीकी साबित हुई। अनुभवी सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल के जुझारू 160 रनों (266 गेंद, 21 चौके) को छोड़कर मेजबान टीम का कोई भी बल्लेबाज उल्लेखनीय योगदान नहीं दे सका।

आकिब नबी ने कर्नाटक की पहली पारी में झटके 5 विकेट

तीसरे दिन अपनी रफ्तार से सितारों से सजी घरेलू टीम को झकझोरने वाले भारत के उभरते तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 23 ओवरों में 54 रन देकर पांच विकेट के साथ इस सत्र में अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखा। उनके प्रदर्शन ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को भी प्रभावित किया है।

Exit mobile version