Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : कम स्कोर वाले मैच में जडेजा का हरफनमौला खेल, RR दूसरे स्थान पर उछला, LSG की लगातार चौथी हार  

Social Share

लखनऊ, 22 अप्रैल। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार की रात गेंदबाजों के वर्चस्व के बीच कम स्कोर वाला मुकाबला दिखा। खैर, अनुभवी रवींद्र जडेजा ने स्वभाव के अनुरूप हरफनमौला प्रदर्शन किया और इसका फायदा राजस्थान रॉयल्स (RR) को मिला, जो 159 रनों का भी बचाव करने में सफल हो गया और टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में 12 गेंदों के शेष रहते 40 रनों की प्रभावी जीत से खुद को अंक तालिका में फिर दूसरे स्थान पर  ला खड़ा किया।

जडेजा की दो भागीदारियों के बाद 159 रनों तक पहुंची राजस्थानी टीम

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य राजस्थानी टीम यशस्वी व वैभव सहित शीर्ष सितारों की विदाई के बीच 77 पर पांच विकेट खोकर संकट में थी। लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जडेजा (नाबाद 43 रन, 29 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने नाजुक वक्त पर मोर्चा संभाला और उनकी दो उपयोगी भागीदारियों से सहारे टीम छह विकेट पर 159 रनों तक पहुंची।

जोफ्रा आर्चर एंड कम्पनी ने लखनऊ टीम को 119 पर बिखेरा

वहीं जवाबी काररवाई में जोफ्रा आर्चर (3-20) व नांद्रे बर्जर (2-27) ने सुपर जाएंट्स के शीर्ष क्रम को झकझोरा तो बृजेश शर्मा (2-18), जडेजा (1-29) और रवि बिश्नोई (1-23) ने मध्य और निचले क्रम को क्रीज पर जमने का मौका नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि ओपनर मिचेल मार्श के अर्धशतकीय प्रयास (55 रन 41 गेंद, दो छक्के, छह चौके) के बावजूद मेजबान टीम 18 ओवरों में 119 रनों पर ही आउट हो गई।

राजस्थान दूसरे स्थान पर उछला, लखनऊ नौवीं पोजीशन पर फिसला

देखा जाए तो शुरुआती चार मैचों में जीत के सहारे अंक तालिका में शीर्ष पर रहे राजस्थान रॉयल्स की टीम लगातार दो हार के चलते तनिक नीचे खिसक गई थी। लेकिन सात मैचों में इस पांचवीं जीत के सहारे 10 अंक लेकर वह फिर दूसरे स्थान पर जा उछली है। वहीं सात मैचों में लगातार चौथी व कुल पांचवीं हार के चलते लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम, जिसे घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी पराजय झेलनी पड़ी, अब चार अंकों के साथ नौवें स्थान पर जा फिसली है।

बदोनी, पंत व मार्करम खाता भी नहीं खोल सके

अपेक्षाकृत कम स्कोर का पीछा करने उतरी लखनऊ टीम की शुरुआत तो हाहाकारी रही, जब आयुष बदोनी, कप्तान ऋषभ पंत व एडेन मार्करम खाता भी नहीं खोल सके और तीन ओवरों में 11 रनों के भीतर निबट गए। इनमें बदोनी रन आउट हुए तो पंत को बर्जर व मार्करम को आर्चर ने लौटाया।

स्कोर कार्ड

हालांकि ओपनर मार्श ने निकोलस पूरन (22 रन, 25 गेंद, तीन चौके) संग 43 व हिम्मत सिंह (15 रन, 15 गेंद, एक छक्का) के साथ 37 रनों की दो साझेदारियों से मामला संभालने की कोशिश की। लेकिन अर्धशतक पूरा करने के बाद मार्श 16वें ओवर में बर्जर की गेंद पर लौटे तो फिर पारी ढर गई और 14 रनों के भीतर अंतिम पांच बल्लेबाज लौट गए।

तीन मैचों में दूसरी बार राजस्थान का शीर्ष क्रम विफल रहा

इसके पूर्व राजस्थान रॉयल्स के लिए यह तीन मैचों में दूसरा अवसर था, जब उसका शीर्ष क्रम विफल रहा। सीनियर पेसर मोहम्मद शमी (2-30) व मोहसिन खान (2-17) के सामने ओपनरद्वय यशस्वी जायसवाल (22 रन, 12 गेंद, चार चौके), वैभव सूर्यवंशी (आठ रन, 11 गेंद, दो चौके) व ध्रुव जुरेल (शून्य) को एक ही स्कोर यानी 32 के योग पर लौटना पड़ा। इनमें यशस्वी व जुरेल का शमी ने शिकार किया तो वैभव को मोहसिन ने ज्यादा दूर नहीं जाने दिया।

77 रनों पर राजस्थान की आधी टीम लौट चुकी थी

इसके बाद रियान पराग (20 रन, 19 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने शिमरॉन हेटमायर (22 रन, 18 गेंद, एक छक्का, दो चौके) संग स्कोर 62 तक पहुंचाया, तभी प्रिंस यादव (2-29) ने पराग को मायूय किया। वहीं जडेजा के उतरने के बाद 11वें ओवर में हेटमायर भी लौट गए (5-77)।

जडेजा ने फरेरा व शुभम संग दो उपयोगी भागीदारियां कीं

लेकिन जडेजा ने जरूरत के वक्त अनुभवी हाथ दिखाए। उन्होंने डोनोवन फरेरा (20 रन, 19 गेंद, दो चौके) संग 33 रनों की भागीदारी की और फिर शुभम दुबे (नाबाद 19 रन, 11 गेंद, तीन चौके) के साथ 49 रनों की अटूट साझेदारी से टीम का स्कोर 159 तक पहुंचाया। अंत में यही स्कोर बचाव के लिए पर्याप्त साबित हुआ।

गुरुवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version