Site icon Revoi.in

कोरोना ने बढ़ाई चिंता : महाराष्ट्र में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना जरूरी

Social Share

मुंबई, 4 जून। महाराष्ट्र में कोविड-19 मामलों में लगातार वृद्धि को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना एक बार फिर अनिवार्य कर दिया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने यह कदम केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण के उस पत्र के बाद उठाया है, जिसमें जिन्होंने बढ़ते कोविड-19 मामलों पर सख्त निगरानी रखने और संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सख्ती बरतने की हिदायत दी थी।

सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया आदेश

महाराष्ट्र सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रदीप व्यास ने नागरिक और जिला प्रशासन को मामलों की बढ़ती संख्या को नियंत्रण में रखने और अस्पताल में प्रवेश को न्यूनतम रखने के लिए कदम उठाने को कहा है। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य करने के आदेश भी जारी किए। अपने आदेश में उन्होंने कहा, ‘ट्रेन, बस, सिनेमा, सभागार, कार्यालय, अस्पताल, कॉलेज, स्कूल जैसे बंद सार्वजनिक स्थानों पर मास्क अनिवार्य है।’

लगातार निर्देशों के बावजूद कोरोना की जांच में शिथिलता

प्रदीप व्यास ने कहा कि बार-बार निर्देशों के बावजूद कोविड-19 की जांच में काफी कमी आई है, इसे सभी जिलों में तत्काल बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने तत्काल प्रभाव से आरवाई-पीसीआर परीक्षणों में तेजी लाने की जोरदार वकालत की। बीए4 और बीए5 सब वैरिएंट वाले मरीजों का पता चलने पर व्यास ने कहा कि प्रशासन को किसी भी तरह की लापरवाही के प्रति आगाह करने की जरूरत है।

मुंबई में 24 घंटे के भीतर 763 नए केस

इस बीच मायानगरी मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान 763 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महानगर में संक्रमण की दर 8 फीसदी तक पहुंच चुकी है, जो एक चेतावनी का संकेत है। पूरे महाराष्ट्र में शुक्रवार तक 5,127 एक्टिव केस थे। मुंबई में कोरोना की शुरुआत के बाद से अब तक पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 10,68,008 तक जा पहुंची है। शहर में अब तक 16,567 लोगों की महामारी से मौत भी हुई है।