Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : चैम्पियन RCB व SRH के बीच उद्घान मैच आज, चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Social Share

बेंगलुरु, 27 मार्च। मसाला क्रिकेट के लिहाज से दुनिया का सर्वाधिक लोकप्रिय क्रिकेट महोत्सव यानी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां संस्करण अपने रंगारंग आगाज़ के लिए तैयार है। मौजूद चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की शनिवार को अपने घरेलू मैदान यानी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से उद्घाटन मैच में मुलाकात होगी।

मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने KSCA पदाधिकारियों संग बैठक की

इस बीच पिछले वर्ष आरसीबी टीम के विजय परेड के दौरान हुए हादसे के मद्देनजर चिन्नास्वामी स्टेडियम में और उसके आसपास सुरक्षा व बचाव के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने शुक्रवार को अधिकारियों और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में उद्घाटन मैच से पहले सुरक्षा और बचाव के इंतजामों का जायजा लिया गया।

एक सरकारी बयान में बताया गया कि शालिनी रजनीश को स्टेडियम के अंदर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, शहर की ट्रैफिक प्रणाली में किए गए बदलाव, पार्किंग के इंतजाम, पीने के पानी की सुविधा और क्रिकेट प्रशंसकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए अन्य जरूरी कदमों के बारे में जानकारी दी गई।

पिछले वर्ष आरसीबी की खिताबी जीत के जश्न में 11 लोगों की मौत हुई थी

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जून में आरसीबी की पहली आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद यह पहला बड़ा मैच है। रजनीश को मेट्रो में यात्रियों की संख्या, मेट्रो स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा और बचाव के अन्य उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे छोटी से छोटी घटना को भी होने से रोकें।

मैचों का शेड्यूल देखने का लिए यहां क्लिक करें

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे टूर्नामेंट के आयोजन के लिए सरकार द्वारा तय की गई शर्तों और एहतियाती उपायों का सख्ती से पालन करें। इसके अलावा उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को निर्देश दिया कि वे पूरी तरह से सतर्क रहें और सुरक्षा उपायों में तालमेल बनाए रखने के लिए आपस में जरूरी जानकारी का नियमित रूप से आदान-प्रदान करते रहें।

10 प्रतिभागी टीमें 24 मई तक खेलेंगी 70 लीग मुकाबले

आईपीएल 2026 की बात करें तो चैम्पियन आरसीबी सहित कुल 10 टीमों के बीच 28 मार्च से 24 मई के बीच कुल 70 लीग मुकाबले खेले जाएंगे। 70वें व अंतिम लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) व दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीमें 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आमने-सामने होगीं जबकि फाइनल 31 मई को प्रस्तावित है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को घोषणा की थी कि फाइनल सहित प्लेऑफ मैचों का शेड्यूल बाद में घोषित किया जाएगा।

कर्नाटक के नाराज विधायकों की मांग मानी गई, फ्री में दो टिकट और अलग स्टैंड भी

इस बीच कर्नाटक सरकार ने विधायकों की मांग मानते हुए घोषणा कर दी है कि उन्हें चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले आईपीएल मैच के दो फ्री टिकट दिए जाएंगे और उनका अलग स्टैंड भी रहेगा। डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने इस आशय की घोषणा की।

गौरतलब है कि विधायकों ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ पर अपमान का आरोप लगाया था और अपने ‘वीआईपी’ दर्जे के आधार पर टिकट मांगे थे। अब सरकार ने कहा है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक उन्हें अलग स्टैंड भी दिया जाएगा।

डी.के. शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने क्रिकेट संघ से विधायकों को दो-दो टिकट देने का अनुरोध किया था, जिसमें एक टिकट के साथ एक मुफ्त टिकट शामिल है क्योंकि समय बहुत कम था। उन्होंने बताया, ‘स्पीकर ने चार टिकट मांगे थे, लेकिन तब तक टिकट लगभग बिक चुके थे। अब समय भी कम है और सदस्यों की संख्या ज्यादा है।’

डिप्टी सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘चार टिकट नहीं दिए जा सकते। पहले, हर एमएलए, एमपी और मंत्री को एक-एक सीट मिलती थी। अब, हमने उनसे अनुरोध किया है कि यदि परिवार के सदस्य साथ जा रहे हैं तो दो टिकट दिए जाएं। उद्घाटन मैच के लिए उन्हें दो टिकट मिलेंगे। अगले मैच के बारे में हम बाद में बात करेंगे।’

Exit mobile version