Site icon Revoi.in

टाटा डब्ल्यूपीएल 2023 : अजेय मुंबई इंडियंस ने जमाई जीत की तिकड़ी, दिल्ली कैपिटल्स 8 विकेट से परास्त

Social Share

मुंबई, 9 मार्च। शक्तिशाली मुंबई इंडियंस ने टाटा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2023 में अपना अजेय क्रम जारी रखा और गुरुवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 30 गेंदों के शेष रहते आठ विकेट की जीत से लगातार तीसरी जीत हासिल की। वहीं शुरुआती दोनों मैच जीतने के बाद दिल्ली को पहली पराजय का सामना करना पड़ा।

डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी ग्राउंड पर मेग लैनिंग के नेतृत्व वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवरों में 105 रनों पर सिमट गई। जवाब में मुंबई ने 15 ओवरों में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस परिणाम के बाद मुंबई इंडियंस छह अंक लेकर शीर्ष पर है जबकि दिल्ली कैपिटल्स चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

यस्तिका व हेली मैथ्यूज के बीच अर्धशतकीय भागीदारी

कमजोर लक्ष्य का पीछा करते हुए यास्तिका भाटिया ( 41 रन, 32 गेंद, आठ चौके और हेली मैथ्यूज (32 रन, 31 गेंद, छह चौके) ने 53 गेंदों पर ही 65 रनों की भागीदारी से दिल्ली को मुकाबले से बाहर कर दिया। हालांकि ये दोनों ही आउट हो गईं। लेकिन नैट साइवर ब्रंट (नाबाद 23 रन, 19 गेंद, चार चौके) और हरमनप्रीत कौर (नाबाद 11 रन, आठ गेंद, दो चौके) ने 32 रनों की अटूट साझेदारी से दल की जीत पक्की कर दी।

स्कोर कार्ड

इससे पहले शुरुआती दो मैचों में 200 का आंकड़ा पार करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाज मुंबई की गेंदबाजी के आगे संघर्ष करती नजर आईं। कप्तान मेग लैनिंग ने सर्वाधिक 43 रनों (41 गेंद, पांच चौके) की पारी खेली। लेकिन उनके अलावा जेमिमा रॉड्रिग्स (25 रन, 18 गेंद, तीन चौके) ही दहाई में पहुंच सकीं। मुंबई इंडियंस के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ साइका इशाक, इजी वॉन्ग और हेली मैथ्यूज ने आपस में नौ विकेट बांटे।

शुक्रवार का मैच : यूपी वारियर्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (ब्रेबोर्न स्टेडियम, शाम 7.30 बजे से)।