Site icon hindi.revoi.in

ओलंपिक 2020 : भारतीय खिलाड़ियों का पहला जत्था टोक्यो पहुंचा, ‘चीयर्स 4 इंडिया’ बैनर के साथ स्वागत

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

टोक्यो, 18 जुलाई। वैश्विक महामारी कोविड-19 से उपजे संकट के बीच आगामी 23 जुलाई से प्रस्तावित टोक्यो ओलंपिक खेलों में यादगार प्रदर्शन की चाहत लिए भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों का 88 सदस्यीय पहला जत्था रविवार की सुबह जापानी राजधानी पहुंच गया, जहां ‘चीयर्स4इंडिया’ बैनर के साथ उसका भव्य स्वागत किया गया।

भारत का 228 सदस्यीय दल टोक्यो खेलों में भाग लेगा

कोरोना के चलते एक वर्ष विलंब से आयोजित इन वैश्विक खेलों में भारत का 228 सदस्यीय दल भाग लेगा, जिसमें 119 खिलाड़ी शामिल हैं। पहले जत्थे में भारत के आठ खेलों -तीरंदाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी (पुरुष व महिला), जूडो, जिम्नास्टिक, तैराकी और भारोत्तोलन के खिलाड़ी, सहयोगी स्टाफ और अधिकारी नई दिल्ली से विशेष विमान से जापान की राजधानी पहुंचे। 88 सदस्यों के पहले जत्थे में 54 खिलाड़ियों के अलावा सहयोगी स्टाफ और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के प्रतिनिधि भी शामिल हैं.

कुरोबे के प्रतिनिधियों ने भारतीय दल का किया स्वागत

जापान में भारतीय राजदूत संजय कुमार वर्मा सहित मेजबान शहर कुरोबे के प्रतिनिधियों ने हवाई अड्डे पर भारतीय खिलाड़ियों का स्वागत किया। उनके हाथों में बैनर थे, जिन पर लिखा था, ‘कुरोबे भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन करता है #चीयर्स4इंडिया।’ हॉकी में पुरुष और महिला हॉकी टीमें शामिल हैं। यह किसी एक खेल में भारत का सबसे बड़ा दल है।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली हवाई अड्डे पर भारतीय दल को दी औपचारिक विदाई

इससे पहले शनिवार की रात को खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर हर्ष ध्वनि, तालियों की गड़गड़ाहट और शुभकामना संदेशों के साथ भारतीय दल को औपचारिक विदाई दी थी।

हवाई अड्डे पर अद्भुत दृश्य देखने को मिला। ओलंपिक दल के लिए लाल कालीन बिछाई गई थी। खिलाड़ियों की विदाई के लिए इतना उत्साह बना हुआ था कि भारत सरकार ने इन सदस्यों की कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए विशेष व्यवस्था की थी।

अनुराग ठाकुर के अलावा विदाई समारोह में खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के महानिदेशक संदीप प्रधान, आईओए के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा और महासचिव राजीव मेहता ने भी हिस्सा लिया।

विदेशों में अभ्यासरत भारत के कई खिलाड़ी सीधे टोक्यो पहुंचे

इस बीच भारत के कई खिलाड़ी विदेशों में अपने अभ्यास स्थलों से पहले ही टोक्यो पहुंच चुके थे। भारत की एकमात्र भारोत्तोलक मीराबाई चानू अमेरिका के सेंट लुई में अपने अभ्यास स्थल से शुक्रवार को टोक्यो पहुंचीं। मुक्केबाज और निशानेबाज इटली और क्रोएशिया में अपने अभ्यास स्थलों से यहां पहुंचे हैं।

भारत से सबसे पहले चार भारतीय नाविक नेत्र कुमानन और विष्णु सरवनन (लेजर क्लास), केसी गणपति और वरुण ठक्कर (49ईआर क्लास) यूरोप में अपने अभ्यास स्थलों से टोक्यो पहुंचे थे। उन्होंने गुरुवार को अभ्यास भी शुरू कर दिया है। इसके अलावा रोइंग टीम भी टोक्यो पहुंच चुकी है।

Exit mobile version