Site icon Revoi.in

पेरिस ओलम्पिक : पुरुष हॉकी में भारत की रोमांचक जीत, कप्तान हरमनप्रीत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दागा निर्णायक गोल

Social Share

पेरिस, 27 जुलाई। टोक्यो ओलम्पिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को यहां पेरिस 2024 ओलम्पिक में पूल बी के पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-2 की रोमांचक जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खेल समाप्ति से एक मिनट पूर्व पेनाल्टी स्ट्रोक पर मैच का निर्णायक गोल दागा।

यवेस-डु-मनोइर स्टेडियम में खेले गए दिन के आखिरी मैच में काफी उतार-उतार चढ़ाव देखने को मिला, जिसमें एफआईएच विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने विश्व नंबर 10 न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती गोल से पिछड़ने के बाद वापसी की और आधे समय तक स्कोर 1-1 बराबर था।

पदक तालिका

भारत के लिए मनदीप सिंह (24वां मिनट), विवेक प्रसाद सागर (34वां मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (59वां मिनट) ने गोल किए। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए सैम लेन (8वां मिनट) और चाइल्ड साइमन (53वां मिनट) ने गोल किया। गौरतलब है भारत ने टोक्यो ओलम्पिक में भी अपने पहले ही मैच में न्यूजीलैंड को इसी अंतर 3-2 से मात दी थी।

भारत ने पिछड़ने के बाद वापसी की

हरमनप्रीत एंड कम्पनी ने शानदार खेल के साथ पहले क्वार्टर की शुरुआत की और जल्द ही भारत ने अपना पहला मौका बनाया, लेकिन न्यूजीलैंड के गोलकीपर ने इसे रोक दिया। न्यूजीलैंड ने पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया और 8वें मिनट में सैम लेन ने अपनी टीम का खाता खोलकर 1-0 की बढ़त बना ली।

आधे समय तक स्कोर 1-1 बराबरी पर रहा

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम की कोशिशें कामयाब हुईं और टीम न्यूजीलैंड के डिफेंस को तोड़ने में कामयाब रही, जब 24वें मिनट में मनदीप सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। पहले हाफ की समाप्ति पर दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रही।

मैच के तीसरे क्वार्टर में भारतीयों ने आक्रमक प्रदर्शन किया और 34वें मिनट में विवेक प्रसाद सागर ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम को 2-1 से बढ़त दिला दी। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम ने स्कोर बराबर करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया।

आखिरी क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। भारत को 47वें मिनट में गोल करने का मौका मिला, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं, न्यूजीलैंड ने लगातार पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए और 53वें मिनट में चाइल्ड साइमन ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया।

फिलहाल मैच के आखिरी समय में भारत को लगातार दो शॉर्ट कॉर्नर मिले और दूसरे को पेनाल्टी स्ट्रोक में तब्दील कर दिया गया। अंततः मिडफील्डर हरमनप्रीत के पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत की जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

भारत अब सोमवार को अर्जेंटीना से मुकाबला करेगा

दिन के अन्य मैचों में भारत के पूल बी में मौजूदा चैम्पियन बेल्जियम ने आयरलैंड को 2-0 हराया तो ऑस्ट्रेलिया ने अर्जेंटीना पर 1-0 से जीत हासिल की। उधर पूल ए में ब्रिटेन ने स्पेन को 4-0, विश्व नंबर एक नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका को 5-3 और जर्मनी ने मेजबान फ्रांस को 8-2 परास्त किया। भारत अपने मैच में सोमवार को रियो 2016 चैम्पियन अर्जेंटीना से भिड़ेगा।

मुक्केबाजी : प्रीति पवार 54 किग्रा के अंतिम 16 में

इस बीच देर शाम भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किग्रा में अपना पहला मुकाबला सर्वसम्मत निर्णय से जीता और अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया। प्रीति ने वियतनामी प्रतिस्पर्धी को 5-0 के अंतर से परास्त किया। प्रीति अब क्वार्टर फाइनल राउंड में प्रवेश के लिए 31 जुलाई को कोलम्बिया की एरियास कास्टानेडा को चुनौती देंगी।

बैडमिंटन : पोनप्पा-क्रास्टो को सीधे गेमों में मिली हार

उधर बैडमिंटन कोर्ट पर दिन में लक्ष्य सेन के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डा ने सीधे गेमों में जीत से शुरुआत की थी। लेकिन देर शाम अश्विनी पोनप्पा व तनीषा क्रास्टो महिला युगल स्पर्धा का अपना पहला मैच सीधे गेमों में हार गईं।

रिपब्लिक ऑफ कोरिया की किम सो येओंग व कोंग ही योंग ने भारतीय जोड़ी को 46 मिनट में 21-18, 21-10 से हराया। पोनप्पा-क्रास्टो का अगला मुकाबला सोमवार को चौथी वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी नामी मत्सुयामा-चिहारू शिदा से होगा।