Site icon Revoi.in

एशिया कप तीरंदाजी में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, धनुर्धरों ने 5 स्वर्ण सहित 10 पदक जीते

Social Share

शारजाह, 27 दिसम्बर। भारतीय धनुर्धरों ने यहां एशिया कप तीरंदाजी चैंपियनशिप स्टेज-3 में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 पदक जीते। भारतीय तीरंदाजों ने महिला और पुरुष, दोनों वर्गों में दबदबा कायम करते हुए पांच स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते।

महिला वर्ग में प्रगति, अदिति व परनीत का क्लीन स्वीप

महिला कंपाउंड तीरंदाजी की टीम कैटेगरी में प्रगति, अदिति गोपीचंद स्वामी और ऐश्वर्या शर्मा की टीम ने गोल्ड जीता जबकि व्यक्तिगत वर्ग में प्रगति ने स्वर्ण, अदिति गोपीचंद स्वामी ने रजत और परनीत कौर ने कांस्य पदक जीत कर क्लीन स्वीप मारा।

कंपाउंड कैटेगरी में पुरुष तीरंदाजों ने जीते 7 पदक

चैंपियनशिप में देश को सबसे ज्यादा आठ में से सात पदक पुरुष कंपाउंड कैटेगरी में मिले।प्रियांश ने टीम और व्यक्तिगत प्रतिस्पर्द्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। कंपाउंड कैटेगरी की टीम इवेंट में प्रियांश, ओजस प्रवीण देवताले और मानव गणेशराव जाधव की टीम ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं व्यक्तिगत कैटेगरी में प्रियांश कुमार ने पहला स्थान हासिल करते हुए गोल्ड अपने नाम किया।

रिकर्व कैटेगरी की टीम इवेंट में मृणाल चौहान, आकाश, पार्थ और सुशांत सालुंके की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं व्यक्तिगत वर्ग में पार्थ सुशांत सालुंके ने कांस्य पदक जीता। रिकर्व कैटेगरी की मिक्स इवेंट में पार्थ सुशांत सालुंके और तिशा पुनिया की टीम ने रजत पदक जीता।

हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर संजीव सिंह ने तीरंदाजों को सराहा

भारतीय टीम के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर संजीव सिंह ने इस ऐतिहासिक जीत को खिलाडियों की मेहनत और सही मैनेजमेंट का परिणाम बताया। संजीव सिंह ने खिलाडियों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय तीरंदाजों में बहुत क्षमता है और उनका प्रदर्शन बता रहा है कि वो बहुत आगे जाएंगे।

अर्जुन मुंडा ने स्वदेश वापसी पर पूरी टीम का स्वागत किया

टीम इंडिया की स्वदेश वापसी पर भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने पूरी टीम का स्वागत किया। अर्जुन मुंडा ने कहा कि आने वाला साल 2023 आर्चरी के खेल के लिए कई सुनहरे मौके लेकर आने वाला है। 2023 में आयरलैंड में यूथ चैपियनशिप का आयोजन होने वाला है। साथ ही जल्द ही इन खिलाडियों को ओलंपिक में भी हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि तीरंदाजी एसोसियेशन खिलाडियों को हर संभव सहयोग करने के लिए प्रयासरत है। पदक जीतने वाले सभी खिलाडियों का सम्मान करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में होने वाली विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में इसी तरह भारतीय टीम देश का परचम लहराती रहेगा।