Site icon hindi.revoi.in

गिरावट के साथ लाल निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार, सेंसेक्स में 700 अंकों से ज्यादा की गिरावट

Social Share

मुंबई, 3 जून। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता के बीच नकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में खुला। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 74,649.84 से 142.11 अंक गिरकर 74,507.73 पर खुला तो वहीं एनएसई निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,483.55 से 67.6 अंक गिरकर 23,415.95 पर खुला। वहीं खबर लिखे जाने तक (सुबह करीब 9.32 बजे), सेंसेक्स 782.10 अंकों यानी 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,867.74 पर था, जबकि निफ्टी 50205.05 अंक यानी 0.87 प्रतिशत गिरकर 23,278.50 पर पहुंच गया।

व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.85 प्रतिशत और 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेक्टरवार देखें तो निफ्टी आईटी सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा, जिसमें 3.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही निफ्टी रियल्टी में 1.91 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया में 1.20 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.97 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी में 0.98 प्रतिशत और निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.98 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। वहीं, निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल ने सबसे कम नुकसान के साथ बेहतर प्रदर्शन किया।शुरुआती कारोबार में, निफ्टी पैक में टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

इसके अलावा, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक के शेयरों में 4.3 प्रतिशत से 3.1 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। वहीं आईटीसी और इटरनल के शेयर भी खराब प्रदर्शन करते नजर आए। वहीं, इसके विपरीत, ओएनजीसी, अपोलो हॉस्पिटल, बजाज-ऑटो, मारुति, नेस्ले इंडिया और टाटा कंज्यूमर के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। इस बीच, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे कमजोर होकर 95.47 पर खुला। मंगलवार को यह 95.27 डॉलर प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी ने 23,262 के महत्वपूर्ण स्तर को छूने के बाद वहां से मजबूती दिखाई और 23,153 तथा 23,106 के अहम सपोर्ट स्तरों के ऊपर बना रहा। अब 23,229 का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है। बाजार में मजबूत तेजी की पुष्टि तभी होगी जब निफ्टी 23,800 के ऊपर बंद होने में सफल रहेगा।घरेलू मोर्चे पर, निवेशक भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जो बुधवार से शुरू हो रही है और शुक्रवार तक चलेगी।

Exit mobile version